UPSC CSE 2025 Result: संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. यूपीएससी द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार, इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने टॉप किया है. वहीं, दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम रही हैं और तीसरे स्थान पर अकांश ढुल रहे हैं. यह परिणाम अगस्त 2025 में आयोजित लिखित परीक्षा और दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच हुए व्यक्तित्व परीक्षण यानी साक्षात्कार के आधार पर घोषित किया गया है.
आयोग की ओर से जारी मेरिट सूची के अनुसार, कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न अखिल भारतीय और केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है. यूपीएससी की सिविल सर्विसेज में चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला, पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर और छठे स्थान पर जिनिया अरोड़ा ने जगह बनाई है. सातवें स्थान पर एआर राजा मोहिदीन, आठवें स्थान पर पक्शल सेक्रेटरी, नौवें स्थान पर आस्था जैन और दसवें स्थान पर उज्जवल प्रियंक हैं.
कुल 958 उम्मीदवारों को नियुक्ति के लिए चुना गया UPSC CSE 2025 Result
इस तरह शीर्ष 10 में अलग-अलग राज्यों और पृष्ठभूमियों से आने वाले प्रतिभाशाली उम्मीदवारों ने अपनी जगह बनाई है. आयोग के अनुसार, इस बार कुल 958 उम्मीदवारों को नियुक्ति के लिए चुना गया है. इनमें सामान्य वर्ग के 317, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, यानी ईडब्ल्यूएस, के 104, अन्य पिछड़ा वर्ग के 306, अनुसूचित जाति के 158 और अनुसूचित जनजाति के 73 उम्मीदवार शामिल हैं. इसके साथ ही, दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को भी अलग-अलग श्रेणियों में शामिल किया गया है. कुल मिलाकर, इन विभिन्न श्रेणियों में कई दिव्यांग उम्मीदवार भी सिविल सेवाओं के लिए चयनित हुए हैं.
आयोग को कुल 1087 पदों की जानकारी दी गई थी
सरकार द्वारा आयोग को कुल 1087 पदों की जानकारी दी गई थी, जिन पर नियुक्ति की जानी है. इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी आईएएस के 180 पद, भारतीय विदेश सेवा के 55 पद और भारतीय पुलिस सेवा यानी आईपीएस के 150 पद शामिल हैं. इसके अलावा सिविल सर्विस के माध्यम से विभिन्न केंद्रीय सेवाओं (केंद्र सरकार) के विभागों में ग्रुप ‘ए’ के 507 पद और समूह ‘बी’ सेवाओं के 195 पद भी भरे जाएंगे. इन पदों पर अंतिम नियुक्ति उपलब्ध रिक्तियों और नियमों के अनुसार की जाएगी.
आयोग ने परिसर में सुविधा काउंटर भी उपलब्ध कराया है
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों को चयनित किया गया है, उनके आरक्षण से जुड़े दावों की जांच संबंधित प्राधिकरणों द्वारा की जाएगी. इसके अलावा 348 चयनित उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल अस्थायी रूप से रखी गई है, जबकि दो उम्मीदवारों का परिणाम अभी रोका गया है. परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए आयोग ने अपने परिसर में सुविधा काउंटर भी उपलब्ध कराया है. यहां सभी कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उम्मीदवार जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक
बता दें कि सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, और इसके माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, सहित कई महत्वपूर्ण केंद्रीय सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है.

