60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं! गुजरात से यूपी-ओडिशा तक अगले 24 घंटे भारी, पढ़ें मौसम अपडेट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update 26 July 2026: देशभर में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और कई राज्यों में मौसम ने खतरनाक रुख अपना लिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 जुलाई के लिए कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने गहरे कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure System) और राजस्थान के ऊपर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण के कारण अगले 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है.

गुजरात के कई जिलों में रेड अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक गुजरात में आज सबसे अधिक बारिश होने की आशंका है. अमरेली, आनंद, बनासकांठा, भरूच और भावनगर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं कच्छ, मेहसाणा, पाटन और साबरकांठा में भी तेज बारिश और खराब मौसम की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी संभावना है. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

यूपी से ओडिशा तक बारिश और तेज आंधी का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर पूर्वी और उत्तरी भारत के कई राज्यों पर भी दिखाई देगा. ओडिशा में 28 जुलाई तक लगातार भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. भद्रक, जाजपुर और केंद्रपाड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, सीतापुर समेत कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.

दिल्ली में भी बदलेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 26 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और आज व कल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 जुलाई को दिल्ली के कई इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है. इस सप्ताह अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, बारामूला, श्रीनगर और जम्मू में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे कई मार्ग प्रभावित हो सकते हैं. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश और तेज आंधी को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की गई है.

More Articles Like This

Exit mobile version