Weather Update: मार्च में ही तेज हुई गर्मी, कई शहरों में पारा 40 के करीब; IMD ने बारिश और हीटवेव का अलर्ट किया जारी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update: मार्च की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. कई राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कुछ इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. महाराष्ट्र के अकोला में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है, जबकि दिल्ली, लखनऊ, पटना और भोपाल जैसे शहरों में भी दोपहर की धूप अब तेज महसूस होने लगी है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में देश के मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. कुछ राज्यों में जहां तेज गर्मी और हीटवेव का खतरा है, वहीं कई इलाकों में बारिश होने की संभावना भी जताई गई है.

दिल्ली-NCR और उत्तर भारत का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्म और शुष्क मौसम का असर दिखने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन तापमान में ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है.

यहां अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इसी तरह उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी मौसम शुष्क रहेगा और तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा सकता है.

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में म्यांमार के यांगून से करीब 500 किलोमीटर दूर एक वायुमंडलीय परिसंचरण (एटमॉस्फेरिक सर्कुलेशन) बना हुआ है. यह सिस्टम धीरे-धीरे भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है.

अनुमान है कि 9 से 14 मार्च के बीच यह सिस्टम देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. इससे कुछ राज्यों में बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में गर्मी का असर जारी रहेगा.

इन 7 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 9 से 14 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है.

इन राज्यों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. बिहार और झारखंड में 9 से 11 मार्च के बीच बारिश से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, हालांकि कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है.

पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में इस बार तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है. हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

कई इलाकों में बारिश और ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है.

राजस्थान और मध्य भारत में हीटवेव का खतरा

राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग ने राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में 8 से 10 मार्च के बीच हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया है.

मध्य प्रदेश में भी तापमान लगातार बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

गुजरात और महाराष्ट्र में भी बढ़ेगी गर्मी

महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 8 से 12 मार्च के बीच हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है. वहीं गुजरात के उत्तरी हिस्सों में भी 9 और 10 मार्च को तापमान काफी बढ़ सकता है.

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत का मौसम

दक्षिण भारत के कई हिस्सों में गर्मी के साथ उमस भी बढ़ रही है. तमिलनाडु और चेन्नई में मौसम गर्म और उमस भरा बना हुआ है. मन्नार की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण नीलगिरी और कन्याकुमारी के आसपास हल्की बारिश की संभावना है.

वहीं पूर्वोत्तर भारत में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है, हालांकि बंगाल की खाड़ी के सिस्टम के कारण कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं.

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पीते रहें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं. आने वाले दिनों में मौसम के बदलते मिजाज पर लगातार नजर रखने की भी सलाह दी गई है.

यह भी पढ़े: भारत एक्सप्रेस की तीसरी वर्षगांठ: दिल्ली में ‘विकसित भारत 2047’ मेगा कॉन्क्लेव लाइव

Latest News

Aaj Ka Rashifal: आज इन 3 राशियों पर मेहरबान रहेंगे बजरंगबली? जानें अपना राशिफल

Aaj Ka Rashifal, 10 March 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में कुल 12 राशियों का वर्णन हैं. हर राशि का...

More Articles Like This

Exit mobile version