Weather Update: अगले 20 घंटे भारी पड़ सकते हैं! 15 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 70KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी है, तो दूसरी तरफ मौसम विभाग ने अगले 20 घंटों के भीतर देश के 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में उत्तर भारत समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.

मानसून की रफ्तार बढ़ी

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी पूरी तरह केरल नहीं पहुंचा है, लेकिन यह दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों तक आगे बढ़ चुका है. विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून अरब सागर के और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. मानसून की गतिविधियां बढ़ने के साथ दक्षिण और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां भी तेज होने लगी हैं.

दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम

28 से 31 मई तक दिल्ली-एनसीआर में तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी. अधिकतम तापमान 8 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री तक कम हो सकता है. 28 मई को हल्की बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं. 29 मई को गरज-चमक के साथ बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने का अनुमान है. 30 और 31 मई को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी.

UP में आंधी-बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी मौसम तेजी से बदल सकता है. वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर समेत कई जिलों में 28 से 31 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. 29 मई को कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और ओलावृष्टि हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

बिहार में तापमान गिरेगा

बिहार के कई हिस्सों में 28 और 29 मई को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है. उत्तर मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार में बारिश की गतिविधियां ज्यादा देखने को मिल सकती हैं. पटना मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा.

राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच बारिश की संभावना

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है. श्री गंगानगर में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. बीकानेर, चूरू और जैसलमेर जैसे शहरों में भी पारा 46 डिग्री के पार बना हुआ है. हालांकि 28 मई को जयपुर, भरतपुर और अजमेर में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 29 मई को बीकानेर समेत कई जिलों में बारिश जारी रहने की संभावना है. 30 और 31 मई को कोटा और भरतपुर डिवीजनों में भी छिटपुट बारिश हो सकती है.

महाराष्ट्र में रेड और ऑरेंज अलर्ट

महाराष्ट्र में 28 से 30 मई तक मौसम विभाग ने रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. 29 मई से कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. विदर्भ क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि

हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में 28 और 29 मई को गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं उत्तराखंड में अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. देहरादून और टिहरी समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है.

तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर में भी बदलेगा मौसम

तेलंगाना में 28 मई को हैदराबाद और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.

जम्मू-कश्मीर में 28 से 30 मई तक श्रीनगर, रामबन और पुंछ समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है.

यह भी पढ़े: पटना में हादसाः गंगा नदी में पलटी नाव, दो लोगों की मौत, पांच लापता, तलाश जारी

Latest News

भीषण सड़क हादसे में 25 साल के मराठी एक्टर महेश पवार की मौत, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने जताया शोक

Marathi Actor Mahesh Pawar: मराठी टीवी सीरियल 'अप्पी आमची कलेक्टर' फेम एक्टर महेश पवार का एक भीषण सड़क हादसे...

More Articles Like This

Exit mobile version