‘21 राज्यों पर बारिश का बड़ा संकट!’ यूपी-बिहार के ऊपर मंडरा रहा मौसमी खतरा, 75 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update Today 9 September: सितंबर की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग (IMD) ने 9 सितंबर को देश के 21 राज्यों के लिए बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की है. पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है.

मौसम सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा के अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश देखने को मिल सकती है. कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है. वहीं समुद्र से सटे इलाकों में हवा की रफ्तार 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

यूपी-बिहार में सक्रिय हुआ चक्रवाती परिसंचरण

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में बना चक्रवाती परिसंचरण अब बिहार की ओर प्रभाव डाल रहा है. इसके चलते बिहार के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान तेज बारिश हो सकती है. बारिश के साथ करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ और कमजोर निर्माण वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है. निचले इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.

झारखंड और ओडिशा में भी भारी बारिश का दौर

झारखंड में 9 से 11 सितंबर के बीच कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश की स्थिति बन सकती है. वहीं ओडिशा में 10 सितंबर को भारी से अति-भारी बारिश का खतरा बताया गया है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नए निम्न दबाव क्षेत्र के विकसित होने की संभावना के कारण ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है. समुद्र में तेज हवाओं के कारण तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है.

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

गांगेय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और नदियों के जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले 3 से 4 दिनों तक बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में 9 सितंबर को मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है. राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल और धूप के बीच लुकाछिपी देखने को मिल सकती है. हालांकि, फिलहाल यहां किसी बड़ी बारिश का अलर्ट नहीं बताया गया है. दूसरी ओर, उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकता है. 10 से 14 सितंबर के बीच राज्य के पहाड़ी इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. इसके चलते भूस्खलन, सड़कें बंद होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने जैसी स्थिति पैदा हो सकती है.

दक्षिण भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश

आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से सटे क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ स्थानों पर तेज झोंकों की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. ऐसे में समुद्र में जाने वाले लोगों और तटीय इलाकों में रहने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

यह भी पढ़े: कनाडाः एमी विर्क के काफिले पर ताबड़तोड़ फायरिंग, लौट रहे थे कार्यक्रम से, जांच में जुटी पुलिस

Latest News

Mukesh Ambani ने लॉन्च किया अरुंधती भट्टाचार्य की आत्मकथा ‘अपराजिता’ का हिंदी संस्करण, कामकाजी महिलाओं के लिए इकोसिस्टम बनाने की अपील

मुंबई में मुकेश अंबानी ने SBI की पूर्व चेयरपर्सन अरुंधती भट्टाचार्य की आत्मकथा ‘इंडोमिटेबल’ के हिंदी संस्करण ‘अपराजिता’ का लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने महिला नेतृत्व, Emotional Quotient और कामकाजी महिलाओं व माताओं के लिए मजबूत इकोसिस्टम बनाने पर जोर दिया.

More Articles Like This

Exit mobile version