Bharat Tiwari Encounter: बिहार में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर सियासी हलचल मची हुई है. नेता से लेकर आम जनता में आक्रोश भरा हुआ है. वहीं, अब बीजेपी एमएलसी पवन सिंह ने भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. पवन सिंह ने 21 जून, 2026 को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि वो पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे.
पवन सिंह ने रखी अपनी राय Bharat Tiwari Encounter
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पवन सिंह ने लिखा है, “भोजपुर निवासी स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी जी केवल इतना चाहते थे कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी जनता की समस्याओं का समाधान करें तथा गरीब, वंचित एवं बाढ़ पीड़ित परिवारों को उनके अधिकारों से वंचित न रखा जाए. भरत भूषण तिवारी जी समाज के लिए संघर्ष करने वाले एक जागरूक एवं संवेदनशील व्यक्ति थे.”
उन्होंने अपने सामर्थ्य से बढ़कर समाज सेवा की
पवन सिंह ने भरत तिवारी को लेकर कहा, “उन्होंने सदैव गरीबों, असहायों, दलितों एवं जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाने का कार्य किया. कोरोना महामारी, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं तथा अन्य कठिन परिस्थितियों में उन्होंने अपने सामर्थ्य से बढ़कर समाज सेवा की. उनके अनेक ऐसे उदाहरण मौजूद हैं, जिनमें वे प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों के साथ मिलकर जनहित के कार्य करते दिखाई देते हैं.”
इसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया
घटना को लेकर पवन सिंह ने कहा कि इसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है. घटना को लेकर अनेक प्रश्न उठ रहे हैं. बीजेपी एमएलसी ने कहा कि यदि विभिन्न माध्यमों से प्रसारित जानकारी एवं वीडियो में दिखाई गई परिस्थितियां सही हैं तो यह आवश्यक है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायसंगत जांच कराई जाए, ताकि सत्य जनता के सामने आ सके.
हर नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है
बीजेपी एमएलसी ने आगे कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है. कानून का शासन तभी मजबूत माना जाता है जब हर घटना की जांच निष्पक्ष रूप से हो और दोषी चाहे कोई भी हो, उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए. न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए.
सम्राट सरकार से की ये माँग
पवन सिंह ने बिहार की सम्राट चौधरी से बड़ी मांग की है. उन्होंने कहा, “मैं बिहार सरकार एवं संबंधित उच्च अधिकारियों से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग करता हूं, ताकि सत्य सामने आए और न्याय सुनिश्चित हो सके. ऐसी घटनाएं समाज में अनेक सवाल खड़े करती हैं और यदि समय रहते सच्चाई सामने न आए तो आम जनता का विश्वास प्रभावित होता है.”
पीड़ित परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करूंगा
उन्होंने कहा, “स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी जी का सामाजिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. उनकी स्मृति को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. मैं शीघ्र ही पीड़ित परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करूंगा. निष्पक्ष जांच की मांग को मजबूती से उठाऊंगा. भरत भूषण तिवारी अमर रहें.”

