PM Modi: असम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया. इसके बाद पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘आपने असम से कांग्रेस को बाहर कर दिया है. आज देश का हर राज्य कांग्रेस को सबक सिखा रहा है.’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, ‘कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है. आने वाले समय में, कांग्रेस हार की सेंचुरी लगाने वाली है. हार की हताशा में, कांग्रेस ने खुद देश के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है.’
‘कांग्रेस ने अजीबोगरीब विरोध प्रदर्शन किया’
पीएम मोदी ने पिछले महीने AI समिट के दौरान भारत मंडपम में कांग्रेस के सदस्यों के शर्टलेस होकर किए गए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा, ‘AI समिट को बदनाम करने की कोशिश में कांग्रेस ने एक अजीबोगरीब विरोध प्रदर्शन किया, सार्वजनिक रूप से अपने ही कपड़े फाड़ दिए.’ पीएम मोदी ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की निंदा करते हुए आगे कहा, ‘ऐसा लगता है कि अब कांग्रेस के पास हताशा में अपने ही कपड़े फाड़ने के अलावा और कुछ करने को नहीं बचा है.’
‘कांग्रेस पार्टी ने पूर्वोत्तर को उसके हाल पर छोड़ दिया था’
प्रधानमंत्री ने असम के युवाओं के बारे में बात करते हुए कहा, ‘कांग्रेस ने असम को बांटो और राज करो की नीति की प्रयोगशाला बना दिया था. आज असम के युवाओं के सामने अवसरों का खुला आसमान है.’ पीएम मदी ने आगे कहा, ‘कांग्रेस पार्टी ने पूर्वोत्तर को उसके हाल पर छोड़ दिया था. जब देश आजाद हुआ, तो कांग्रेस ने सीमा का निर्धारण इस तरह से होने दिया कि बराक घाटी का समुद्र से जुड़ाव पूरी तरह से कट गया.
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘बराक घाटी, जो कभी एक प्रमुख व्यापार मार्ग और औद्योगिक केंद्र के रूप में मशहूर थी, उसकी अपनी ही ताकत छीन ली गई. आजादी के बाद भी कांग्रेस की सरकारें दशकों तक सत्ता में रहीं, फिर भी बराक घाटी के विकास को बढ़ावा देने के लिए कुछ भी ठोस नहीं किया गया.’
प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा, ‘असम में BJP के नेतृत्व वाली डबल-इंजन सरकार बराक घाटी को बदलने और उसे व्यापार और वाणिज्य के एक प्रमुख केंद्र के रूप में फिर से स्थापित करने के लिए काम कर रही है.’
पीएम मोदी ने कहा, ‘जहां कांग्रेस वालों की सोच खत्म हो जाती है, वहीं से हमारा काम शुरू होता है. यह पूर्वोत्तर का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा. यह सिर्फ एक हाईवे प्रोजेक्ट नहीं है, यह पूर्वोत्तर के लोगों के दशकों के इंतजार का अंत है.’