New Delhi: भारतीय क्रिकेट के ‘भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे व लखनऊ सुपर जायंट्स के ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर ने हाल में एक पॉडकास्ट में अपनी निजी जिंदगी, करियर के संघर्षों और सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर खुलकर बात की. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एक प्रोफेशनल क्रिकेटर होने के बावजूद अर्जुन का कोई भी करीबी दोस्त क्रिकेट की दुनिया से नहीं है. पॉडकास्ट में जब अर्जुन तेंदुलकर से उनके दोस्तों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया.
ज्यादातर दोस्त क्रिकेट नहीं खेलते
अर्जुन ने खुलासा किया कि उनके ज्यादातर दोस्त क्रिकेट नहीं खेलते और न ही उन्हें खेल की बहुत गहरी समझ है. अर्जुन ने कहा, ‘सच कहूं तो मेरा कोई क्रिकेटर दोस्त नहीं है. मेरे ज्यादातर दोस्त क्रिकेट की दुनिया से बाहर के हैं. हम जब साथ बैठते हैं, तो क्रिकेट पर कोई बात नहीं होती क्योंकि उन्हें इसके बारे में ज्यादा पता ही नहीं है.’ आमतौर पर खिलाड़ी अपने खेल के साथियों के साथ ही ज्यादा समय बिताते हैं. शायद यही वजह है कि अर्जुन मैदान के बाहर के दबाव से खुद को दूर रख पाते हैं.
गोवा में अपने पांच कुत्तों का जिक्र
जब उनसे पूछा गया कि वह इतने शांत कैसे रहते हैं, तो उन्होंने गोवा में अपने पांच कुत्तों का जिक्र किया. अर्जुन ने बताया कि उनके साथ समय बिताना ही उनके लिए सबसे बड़ा स्ट्रेस-बस्टर है. सचिन तेंदुलकर से जब पूछा गया कि क्या उन्हें आलोचना या सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग से डर लगता है, तो उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा, ‘नहीं, मुझे किसी आलोचना का डर नहीं है.’ अर्जुन का यह शांत रवैया दर्शाता है कि उन्होंने बाहरी शोर को नजरअंदाज करना सीख लिया है और उनका पूरा ध्यान केवल अपने खेल को सुधारने पर है.
अर्जुन तेंदुलकर के लिए एक बड़ा बदलाव
आईपीएल 2026 के सीजन से पहले अर्जुन तेंदुलकर के लिए एक बड़ा बदलाव आया है. मुंबई इंडियंस में कई सालों तक रहने के बावजूद उन्हें प्लेइंग इलेवन में लगातार मौके नहीं मिल पाए. जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गजों की मौजूदगी में अर्जुन बेंच पर ही ज्यादा नजर आए. वह लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का हिस्सा हैं.हालांकि यहां मोहम्मद शमी, मयंक यादव, मोहसिन खान और एनरिक नॉर्किया तेज गेंदबाजों की फौज है, लेकिन अर्जुन की खासियत उनकी ऑलराउंड क्षमता है.
मैं एक तेज गेंदबाज हूं…
एलएसजी उन्हें निचले मध्य क्रम में एक ‘हार्ड-हिटिंग’ बल्लेबाज और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के तौर पर इस्तेमाल कर सकती है. इंटरव्यू के दौरान एक दिलचस्प पल तब आया जब अर्जुन से उनके आदर्श के बारे में पूछा गया. अपने पिता सचिन के अलावा, अर्जुन ने पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह का नाम लिया. जब उनसे मजाकिया अंदाज में पूछा गया कि क्या उन्हें युवी की गेंदबाजी पसंद है, तो अर्जुन ने मुस्कराते हुए कहा, ‘वह एक स्पिनर थे और मैं एक तेज गेंदबाज हूं. मैंने उन्हें हमेशा उनकी बल्लेबाजी और मैच जिताने की क्षमता के लिए पसंद किया है.’
इसे भी पढ़ें. बे-मौसम बारिशः CM योगी ने जाना किसानों का हाल, अफसरों से मांगी रिपोर्ट, मुआवजे का दिया निर्देश

