Commonwealth Games 2026: भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने इतिहास रच दिया है. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मीराबाई ने तीसरी बार गोल्ड मेडल जीतकर अपनी गोल्डन हैट्रिक पूरी कर ली है. इस जीत के बाद मीराबाई ने अपनी खुशी जाहिर की है.
स्वर्ण पदक जीतने पर भावुक हुईं मीराबाई चानू
मीराबाई चानू ने कहा, “हर खिलाड़ी का सपना कॉमनवेल्थ गेम्स में जाने का रहता है. ये गेम्स हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होते हैं, ताकि हम देश के लिए कुछ करके दिखाएं. हर प्रतियोगिता में दबाव होता है, लेकिन हमें उसे संभालना होता है. यह मेरे लिए खास तौर पर अहम था क्योंकि मैं वेटलिफ्टिंग में अच्छा प्रदर्शन करना चाहती थी और भारत के लिए मेडल जीतना चाहती थी. मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और जो कुछ भी कर सकती थी, वह सब किया. मुझे खुशी है कि मैंने इन खेलों में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता है.”
कोई रिकॉर्ड तोड़ने के बारे में नहीं सोच रही थी Commonwealth Games 2026
भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने कहा, “मैं असल में कोई रिकॉर्ड तोड़ने के बारे में नहीं सोच रही थी क्योंकि 48 किलोग्राम वर्ग अब कॉमनवेल्थ गेम्स का हिस्सा नहीं रहेगी. मेरा ध्यान अपने प्रदर्शन पर था और यह समझने पर कि एशियाई खेलों से पहले मुझे किन सुधारों की जरूरत है.” उन्होंने बताया कि उनके कोच ने बोला कि ये करना है, तो मैंने बोला कि ठीक है मैं कर लूंगी, लेकिन रिकॉर्ड के लिए मैंने इतना नहीं सोचा था. यह खुशी की बात है कि रिकॉर्ड बना और इस तरह रिकॉर्ड बनना खिलाड़ियों के लिए खुशी की बात होती है.
मैं खुशी से भर गई थी
मीराबाई ने कहा, “मैं खुशी से भर गई थी। ट्रेनिंग के दौरान मुझे कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिनमें चोटें और कई मुश्किल दौर शामिल थे. पोडियम पर खड़े होकर मुझे वे सभी त्याग याद आ गए. जब हमारी मेहनत रंग लाती है और राष्ट्रगान बजता है, तो स्वाभाविक रूप से आंखों में आंसू आ जाते हैं. आज जो आंसू मेरी आंखों से निकले, वे खुशी के आंसू थे.”
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीराबाई को एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी है. उन्होंने लिखा, भारतीय वेटलिफ्टिंग में एक और शानदार अध्याय! प्रतिभाशाली मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में एक बार फिर अपना हुनर दिखाया. उन्होंने 48 किलोग्राम कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता. लगातार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने और कुल मिलाकर चौथा CWG मेडल अपने नाम करने के साथ, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं. उन्हें बधाई! भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं.
Another glorious chapter in Indian Weightlifting!
The talented Mirabai Chanu once again showcased her skills at the Commonwealth Games with a stunning performance in the 48 kg category and winning Gold. With back-to-back Commonwealth Games Golds and an overall fourth CWG medal… pic.twitter.com/37IOvMXBTI
— Narendra Modi (@narendramodi) July 26, 2026

