Hockey India: भारतीय हॉकी में एक नया विवाद खड़ा हो गया है. झारखंड सरकार ने अनुपस्थिति और उत्पीड़न की शिकायतों के बाद रांची के एकलव्य हॉकी ट्रेनिंग सेंटर से हॉकी कोच सुधीर गोल्ला को हटा दिया है. खेल एवं युवा कार्य विभाग के निदेशक द्वारा जारी 11 मई 2026 के आदेश के अनुसार यह कार्रवाई की गई है. हालांकि, इसके बावजूद सुधीर भोपाल में अंडर-18 टीम के साथ कैंप में मौजूद थे और इसने सवाल खड़े कर दिए.
महिला खिलाड़ियों के साथ अनुचित व्यवहार
आदेश में कहा गया है कि वह लगातार ट्रेनिंग ड्यूटी से गायब रहे और महिला खिलाड़ियों के साथ अनुचित व्यवहार किया. अतीत में भी गोल्ला के खिलाफ कई मौखिक शिकायतें मिली थीं. आदेश में यह भी कहा गया कि तेलंगाना के रहने वाले गोल्ला सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना दो सप्ताह से अधिक समय से ट्रेनिंग सेंटर से गायब थे, जिससे ट्रेनिंग बाधित हो रही थी.
करुणा पुर्ती को ट्रेनिंग सेंटर का अतिरिक्त प्रभार
उनकी जगह बरियातू के सरकारी बालिका विद्यालय की कोच करुणा पुर्ती को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ-साथ एकलव्य हॉकी ट्रेनिंग सेंटर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. इसके बाद हॉकी इंडिया ने भी शुक्रवार को गोल्ला को भोपाल में चल रहे अंडर-18 लड़कों के कैंप से हटा दिया, जहां वह सहायक कोच के रूप में शामिल थे. हॉकी इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही उन्हें उत्पीड़न के आरोपों के बारे में पता चला उन्हें तुरंत कैंप से हटा दिया गया, क्योंकि हॉकी इंडिया में दुर्व्यवहार की शिकायतों को हमेशा बेहद गंभीरता से लिया जाता है.
विवादों की कड़ी में एक और मामला
यह ताजा मामला भारतीय हॉकी में हाल ही में हुए विवादों की कड़ी में एक और मामला है, जिसमें अप्रैल में हॉकी इंडिया के एक अधिकारी पर यौन उत्पीड़न और पद के दुरुपयोग का आरोप लगा था और 2025 में जूनियर महिला टीम के एक कोच के खिलाफ दुर्व्यवहार के आरोप सामने आए थे. पहली महिला हॉकी इंडिया लीग के दौरान भी जूनियर खिलाड़ियों से जुड़ी उत्पीड़न की शिकायतों की जानकारी मिलने के बाद एक कोच को रातों-रात हटा दिया गया था.
झारखंड टीम के मुख्य कोच थे गोल्ला
गोल्ला ने पहले राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एक तकनीकी अधिकारी के रूप में काम किया था और इसी साल जनवरी में वह महिला हॉकी इंडिया लीग के दौरान रांची रॉयल्स के साथ कार्यवाहक मैनेजर के रूप में जुड़े थे. पिछले साल वह नेशनल गेम्स के दौरान महिला टीम के मैनेजर रहने के अलावा, हरियाणा के पंचकूला में अंडर-20 महिला प्रतियोगिता, अंडर-18 महिला प्रतियोगिता और सीनियर महिला राष्ट्रीय टूर्नामेंट के दौरान झारखंड टीम के मुख्य कोच थे.
इसे भी पढ़ें. इजराइल का गाजा में फिर से हमला, हमास के सैन्य प्रमुख अल-हद्दाद समेत 7 फिलीस्तीनियों की मौत