Tech News: गूगल ने अपने नए किफायती स्मार्टफोन Google Pixel 10a को लेकर बड़ा संकेत दिया है. कंपनी ने पुष्टि की है कि यह फोन इसी महीने के आखिर में भारत समेत ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किया जाएगा. माना जा रहा है कि यह Pixel 9a का अपग्रेडेड वर्जन होगा, जिसे मार्च 2025 में पेश किया गया था. Pixel 10a के डिजाइन को लेकर पहले ही कई रिपोर्ट्स सामने आ चुकी हैं और अब खुद टेक दिग्गज ने भी फोन की झलक दिखा दी है. उम्मीद है कि नए Pixel 10a का डिजाइन अपने पिछले मॉडल से मिलता-जुलता होगा और यह ब्लू कलर ऑप्शन में उपलब्ध कराया जा सकता है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह फोन आखिर कब लॉन्च होगा. आइए जानते हैं इससे जुड़ी पूरी जानकारी.
Google Pixel 10a की लॉन्च डेट
गूगल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घोषणा की है कि Pixel 10a इस महीने 18 फरवरी को लॉन्च होगा. हालांकि टेक दिग्गज ने अभी तक कीमत को लेकर कुछ भी खुलासा नहीं किया है, लेकिन Google Store सब्सक्राइबर 13 फरवरी को दोपहर 1:29 बजे IST तक जानकारी के लिए साइन अप करने पर एक एक्सक्लूसिव ऑफर का लाभ उठा सकेंगे.
A phone with more in store, in store soon.
Pre-order 2.18.26 https://t.co/iUgnoPqJsM pic.twitter.com/4YDDSMZBOn
— Made by Google (@madebygoogle) February 4, 2026
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस ऑफर का इस्तेमाल Pixel 10a की खरीदारी के साथ किया जा सकेगा और इसे भविष्य में किए जाने वाले ऑर्डर पर लाभ पाने के लिए भी उपयोग किया जा सकता है.
पिछले मॉडल जैसा डिजाइन
Google Pixel 10a का डिजाइन काफी हद तक इसके पिछले मॉडल जैसा हो सकता है. फोन में फ्लैट डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलने की उम्मीद है, जो एक हॉरिजॉन्टल पिल-शेप कैमरा आइलैंड के भीतर दिया जा सकता है.
डिवाइस के पीछे की तरफ एक सिंगल LED फ्लैश भी देखने को मिल सकता है. मौजूदा Pixel 9a की तरह ही आने वाले Pixel 10a में भी बैक पैनल के बीच में सेंटर-अलाइन्ड Google ब्रांडिंग दिए जाने की संभावना है.
डिस्प्ले की बात करें तो इसके चारों ओर मोटे बेजल नजर आ सकते हैं. साथ ही स्क्रीन में सेंटर-अलाइन्ड होल-पंच कटआउट मिलने की उम्मीद है. कंपनी द्वारा जारी टीजर इमेज में Pixel 10a को ब्लू कलर में दिखाया गया है, जो इसके पिछले मॉडल के आइरिस कलर से मिलता-जुलता नजर आता है.
स्पेसिफिकेशन्स का नहीं किया खुलासा
Google ने आने वाले नॉन-फ्लैगशिप Pixel के स्पेसिफिकेशन्स का अभी खुलासा नहीं किया है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इस फोन में बेहतर फोटोग्राफी कैपेबिलिटीज देखने को मिल सकती हैं. इतना ही नहीं कंपनी इसे अब तक का सबसे ड्यूरेबल Google Pixel A-सीरीज फोन बता रही है, जो बेहतर धूल और पानी से बचाव की ओर इशारा करता है.
Pixel 9a की तरह ही आने वाले Pixel 10a में भी Gemini को बिल्ट-इन AI असिस्टेंट के तौर पर शामिल किया जा सकता है. माना जा रहा है कि कंपनी इस स्मार्टफोन को भारत में 50 हजार रुपये से कम कीमत में लॉन्च कर सकती है. ऐसे में लेटेस्ट Pixel सीरीज में यह Google का अब तक का सबसे किफायती 5G स्मार्टफोन साबित हो सकता है.
यह भी पढ़े: भारत के AI शिखर सम्मेलन में चीन भेज सकता है प्रतिनिधिमंडल, रिश्तों में सुधार के संकेत

