WhatsApp Green Dot Feature: सोचिए, बिना किसी की चैट खोले ही आपको पता चल जाए कि वह इस वक्त वॉट्सऐप पर ऑनलाइन है या नहीं. सुनने में यह छोटा बदलाव लग सकता है, लेकिन वॉट्सऐप का नया फीचर करोड़ों यूजर्स के चैट करने का तरीका बदल सकता है. कंपनी एक ऐसे ‘ग्रीन डॉट’ फीचर की टेस्टिंग कर रही है, जो एक्टिव यूजर की पहचान प्रोफाइल फोटो के पास ही दिखा देगा. सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस फीचर के आने के बाद किसी का ऑनलाइन स्टेटस देखने के लिए चैट बॉक्स खोलने की जरूरत नहीं पड़ सकती. लेकिन यह हरा निशान कहां दिखाई देगा, किसे आपका ग्रीन डॉट नजर आएगा और क्या इससे प्राइवेसी पर असर पड़ेगा? आइए जानते हैं इस नए फीचर की पूरी जानकारी.
प्रोफाइल फोटो के पास दिखेगा हरा निशान
नए फीचर के तहत किसी यूजर के वॉट्सऐप पर एक्टिव होने पर उसकी प्रोफाइल फोटो के पास एक छोटा सा हरे रंग का बिंदु दिखाई दे सकता है. यह ग्रीन डॉट एक विजुअल संकेत की तरह काम करेगा, जिससे पता चल सकेगा कि संबंधित यूजर उस समय वॉट्सऐप पर सक्रिय है. अभी किसी व्यक्ति का ऑनलाइन स्टेटस देखने के लिए आमतौर पर उसकी चैट खोलनी पड़ती है. लेकिन नए फीचर के आने के बाद यह जानकारी प्रोफाइल फोटो के पास ही नजर आ सकती है. यूजर के ऑफलाइन होने पर ग्रीन डॉट गायब हो जाएगा.
फिलहाल कहां दिखाई देगा ग्रीन डॉट?
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ग्रीन डॉट अभी सीधे मुख्य चैट लिस्ट में नहीं दिखाई दे रहा है. टेस्टिंग के दौरान इसे कॉन्टैक्ट इन्फो स्क्रीन पर देखा गया है. यानी किसी यूजर के नाम या प्रोफाइल पर टैप करने के बाद खुलने वाली स्क्रीन में उसकी बड़ी प्रोफाइल फोटो के पास हरा निशान दिखाई दे सकता है. ऐसे में अभी यह कहना सही नहीं होगा कि हर चैट के सामने सीधे ग्रीन डॉट नजर आएगा. फीचर फिलहाल टेस्टिंग में है, इसलिए अंतिम रिलीज तक इसके डिजाइन और काम करने के तरीके में बदलाव भी हो सकता है.
कब तक मिलेगा नया अपडेट?
यह फीचर फिलहाल टेस्टिंग के दौर में बताया जा रहा है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इसे iOS के लेटेस्ट बीटा वर्जन पर कुछ चुनिंदा आईफोन यूजर्स के लिए देखा गया है. वहीं एंड्रॉइड बीटा पर भी इससे जुड़ी टेस्टिंग की जानकारी सामने आई है. हालांकि, अभी सभी एंड्रॉइड और आईफोन यूजर्स के लिए इसकी कोई पक्की लॉन्च डेट घोषित नहीं की गई है. टेस्टिंग सफल रहने के बाद कंपनी इसे भविष्य के अपडेट के जरिए ज्यादा यूजर्स तक पहुंचा सकती है.
क्या प्राइवेसी पर पड़ेगा असर?
ग्रीन डॉट फीचर सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर है. अगर प्रोफाइल फोटो के पास ऑनलाइन होने का संकेत दिखेगा, तो क्या हर कोई यह जान पाएगा कि आप कब वॉट्सऐप चला रहे हैं? उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह फीचर मौजूदा ऑनलाइन स्टेटस प्राइवेसी सेटिंग्स के अनुसार काम कर सकता है.
यानी अगर आपने अपना ऑनलाइन स्टेटस कुछ लोगों से छिपा रखा है, तो उन लोगों को आपका ग्रीन डॉट भी दिखाई नहीं देने की व्यवस्था हो सकती है. इस तरह नया फीचर ऑनलाइन स्टेटस देखने की प्रक्रिया को आसान बना सकता है, लेकिन इसका फायदा किसे मिलेगा और किसे आपका एक्टिव स्टेटस दिखाई देगा, यह आपकी मौजूदा प्राइवेसी सेटिंग्स पर निर्भर रह सकता है.
यह भी पढ़े: शेयर बाजार में उतरने जा रही Cult.fit, ₹4,000 करोड़ के IPO की तैयारी, ऋतिक रोशन भी बेचेंगे शेयर