PM मोदी के जन्मदिन पर आचार्य प्रमोद कृष्णम् का खास संदेश, देश सेवा के समर्पण की करी सराहना

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है. इस मौके पर उन्हें देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं. आम लोगों के अलावा राजनीतिक और आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने भी उन्हें बधाई दी है. इसी क्रम में कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम् जी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सराहना की है.

“पूरे संसार को अपना परिवार मान लिया”

आचार्य प्रमोद कृष्णम् ने अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने कहा कि जब भारतीय इतिहास के पन्नों को पलटा जाता है, तो एक नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा हुआ मिलता है और वह नाम है नरेंद्र दामोदरदास मोदी. उन्होंने प्रधानमंत्री के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कभी अपने जीवन को केवल अपने लिए नहीं समझा और न ही अपने परिवार को ही अपनी दुनिया माना, बल्कि पूरे संसार को अपना परिवार मान लिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी जननी को जन्म देने वाली मां की सेवा से भी आगे बढ़कर मां भारती की सेवा करने का संकल्प लिया और देश के 140 करोड़ लोगों के लिए अपना जीवन समर्पित किया.

हर मां और बहन की उम्मीद बने पीएम

आचार्य प्रमोद कृष्णम् ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के त्याग और समर्पण का परिणाम है कि आज देश की हर मां चाहती है कि उसका बेटा नरेंद्र मोदी जैसा हो और हर बहन चाहती है कि उसका भाई उनके जैसा बने. प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने पूरे देश को भी बधाई दी. साथ ही परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि देश के इस यशस्वी, लोकप्रिय जननायक और जनसेवक को हमेशा स्वस्थ, यशस्वी, शक्तिशाली और चिरंजीवी रखें. उन्होंने कोटि-कोटि अंतःकरण से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की.

गुजरात के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक का सफर

नरेंद्र मोदी का राजनीतिक सफर भारतीय जनता पार्टी के साथ आगे बढ़ा. सितंबर 2001 में उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाए जाने का निर्णय हुआ और उन्होंने अक्टूबर 2001 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. वह मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे. प्रधानमंत्री कार्यालय की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वह गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्रियों में शामिल हैं. इसके बाद 2013 में भाजपा ने उन्हें 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया. 2014 के आम चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने दूसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला. 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद 9 जून 2024 को उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली.

2014, 2019 और 2024 में क्या हुआ?

2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने अपने दम पर बहुमत हासिल किया था. 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को अकेले बहुमत नहीं मिला, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सरकार बनाने के लिए पर्याप्त समर्थन हासिल किया और नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. प्रधानमंत्री कार्यालय की आधिकारिक जीवनी के मुताबिक, नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था. वह स्वतंत्र भारत में जन्म लेने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं.

यह भी पढ़े: PM Modi Birthday: PM मोदी को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दी जन्मदिन की बधाई

Latest News

अंडमान को पर्यटन की दृष्टि से सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए बनेगा विजन डाक्यूमेन्ट: डा. दिनेश शर्मा

Dr Dinesh Sharma: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक एवं सुरक्षित बनाने के...

More Articles Like This

Exit mobile version