US: कंट्री परेड में जमकर फायरिंग, 6 साल के बच्चे की मौत, मामले में दो आरोपी भी गिरफ्तार

Washington: अमेरिका में लुइसियाना राज्य के क्लिंटन शहर की सप्ताहांत परेड के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी उम्र 19 और 15 वर्ष है. दोनों पर हत्या के प्रयास, न्याय में बाधा डालने और लापरवाही से आग्नेयास्त्र चलाने के आरोप लगाए गए हैं. इस गोलीबारी में छह वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई थी और चार अन्य लोग घायल हो गए थे. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

कंट्री परेड के दौरान अचानक शुरू हो गई गोलीबारी

शनिवार को क्लिंटन शहर में आयोजित मार्डी ग्रास इन द कंट्री परेड के दौरान अचानक गोलीबारी शुरू हो गई, जिससे वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. क्लिंटन, बैटन रूज से करीब लगभग 50 किलोमीटर उत्तर में स्थित है. स्थानीय शेरिफ जेफ ट्रेविस ने बताया कि परेड दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई थी और मेन रोड पर जाने से पहले ही यह हादसा हो गया.

अवैध रूप से हथियार रखने का आरोप

गोलियां चलते ही लोग इधर-उधर भागने लगे और परेड तुरंत रोक दी गई. शेरिफ कार्यालय के अनुसार गिरफ्तार किए गए ये दोनों लोग उन तीन लोगों में शामिल हैं, जिन्हें शनिवार को परेड स्थल के पास हथियारों के साथ पाए जाने के बाद हिरासत में लिया गया था. 26 वर्षीय एक व्यक्ति पर अवैध रूप से हथियार रखने का आरोप लगाया गया है. हालांकि जांचकर्ताओं का मानना है कि उसका इस गोलीबारी से कोई संबंध नहीं है.

किसी संभावित मकसद का खुलासा नहीं

अधिकारियों ने अभी तक गोलीबारी के पीछे किसी संभावित मकसद का खुलासा नहीं किया है. यह घटना अमेरिका में इस साल की 24वीं मास शूटिंग है, जहां चार या इससे ज्यादा लोग घायल या मारे गए हैं. गन वायलेंस आर्काइव के अनुसार देश में बंदूक हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. कई लोग कांग्रेस से सख्त बंदूक नियंत्रण कानून बनाने की मांग कर रहे हैं लेकिन अब तक कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है. ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं जो समाज के लिए गहरी चिंता का विषय बनी हुई हैं.

इसे भी पढ़ें. रूस ने यूक्रेन में मजदूरों के सर्विस बस को बनाया निशाना, सुसाइड ड्रोन हमले में 15 की जिंदा जलकर मौत

More Articles Like This

Exit mobile version