राष्ट्रपति ट्रंप ने वोटर आईडी पर दिया जोर, कांग्रेस से की ‘अमेरिका बचाओ अधिनियम’ पास करने की अपील

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

American elections: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़े पैमाने पर चुनाव सुधारों की मांग की है. उन्होंने कांग्रेस से ‘अमेरिका बचाओ अधिनियम’ पास करने और वोटरों के लिए फोटो पहचान पत्र और नागरिकता का सबूत दिखाना जरूरी करने की अपील की है. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी चुनावों को बचाने के लिए यह कानून जरूरी है. अब हमें अपने अमेरिकी चुनावों को बचाने के लिए अमेरिका बचाओ अधिनियम पास करना होगा.

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सुधारों में वोटर पहचान, नागरिकता की जांच और मेल-इन वोटिंग पर लिमिट शामिल होनी चाहिए. साथ ही सभी वोटरों को फोटो आईडी दिखानी होगी. सभी वोटरों को नागरिकता का सबूत देना होगा. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि “मेल-इन बैलेट की इजाजत सिर्फ कुछ मामलों में ही मिलनी चाहिए. हम बीमारी, विकलांगता और मिलिट्री में तैनाती या यात्रा के अलावा कोई मेल-इन बैलेट नहीं चाहते हैं. हम बहुत समझदारी से काम लेंगे.”

ट्रंप ने की डेमोक्रेट और रिपब्लिकन की आलोचना

वहीं, ट्रंप ने इस कदम का विरोध करने के लिए डेमोक्रेट और कुछ रिपब्लिकन की आलोचना भी की. उन्होंने अलास्का की सीनेटर लिसा मुर्कोव्स्की का नाम लेते  हुए कहा कि “जहां आपको डेमोक्रेट्स और कुछ रिपब्लिकन मिल रहे हैं जो इस देश का बहुत बुरा कर रहे हैं, वहीं, हमारे पास कुछ रिपब्लिकन हैं जो इससे लड़ रहे हैं. अलास्का की लिसा मुर्कोव्स्की.”

अमेरिका बचाओ अधिनियम

लिसा पर दबाव बनाने की अपील करते हुए ट्रंप ने कहा कि “आपको उन्हें फोन करके कहना चाहिए कि वह काम पर लग जाएं. उन्हें वोट देना ही होगा. इसे अमेरिका बचाओ अधिनियम कहते हैं.” अमेरिकी राष्ट्रपति ने कैलिफोर्निया की चुनाव प्रणाली की भी आलोचना की और दावा किया कि वहां वोटों की गिनती में बहुत ज्यादा समय लगा. उन्होंने कहा कि “देखिए कैलिफोर्निया में क्या हो रहा है, जहां अभी भी बैलेट नहीं आए हैं. रिजल्ट अभी भी नहीं आए हैं, क्या आप यकीन कर सकते हैं, हफ्तों बाद भी गिनती पूरी नहीं हुई.”

ट्रंप ने धोखाधड़ी का लगाया आरोप

उन्होंने अपने भाषण में बिना सबूत दिए धोखाधड़ी का आरोप लगाया. इतना ही नहीं, ट्रंप ने राज्य के वोटों की गिनती प्रक्रिया की आलोचना करते हुए स्पेंसर प्रैट और स्टीव हिल्टन का जिक्र किया. ट्रंप ने कहा कि “मैंने कहा कि उन्होंने बस चुनाव में धांधली की और फिर उन्होंने स्टीव हिल्टन को भी चोट पहुंचाने की कोशिश की. मैंने अमेरिकी अटॉर्नी को फोन किया और कहा कि आपको इसकी जांच करनी होगी क्योंकि स्टीव हिल्टन ने बहुत अच्छा काम किया.”

यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण

इसके अलावा, ट्रंप ने कोलंबिया से कैलिफोर्निया की तुलना करते हुए कहा कि दक्षिण अमेरिकी देश ने चुनाव की रात 30 मिलियन वोटों की गिनती की. इस दौरान उन्होंने कहा कि “उनके पास 30 मिलियन वोट थे; शाम 9:30 बजे तक हर एक वोट की गिनती हो चुकी थी और कोई शिकायत नहीं थी.” उन्होंने तर्क दिया कि लंबे समय तक वोटों की गिनती से हेरफेर की आशंका रहती है. ट्रंप ने इस मुद्दे को आगामी मध्यावधि चुनावों के केंद्र में रखा. साथ ही उन्होंने समर्थकों से कहा कि उन्हें सामने आना होगा और उनके प्रशासन ने जो किया है उसकी रक्षा करनी होगी.

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि “हर किसी को बाहर निकलने और मध्यावधि चुनाव में मतदान करने की जरूरत है. हमें यह चुनाव जीतना है. यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है.

 

Latest News

India Energy Capacity: भारत की कुल ऊर्जा क्षमता 552 GW के पार, सोलर और विंड एनर्जी ने पकड़ी रफ्तार

भारत की कुल स्थापित ऊर्जा क्षमता जुलाई 2026 तक बढ़कर 552 गीगावाट हो गई है. गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा की हिस्सेदारी 54 प्रतिशत से ज्यादा पहुंच गई है. सोलर और विंड एनर्जी के साथ रूफटॉप सोलर में भी तेजी देखने को मिली है.

More Articles Like This

Exit mobile version