New Delhi: भारत की बॉक्सर परवीन हुड्डा मंगलवार को यहां निशियो जिम्नेजियम में चीन की ली शू को 5-0 से हराकर एशियन गेम्स में महिलाओं के 65 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में पहुंच गईं. परवीन ने आखिरी दो राउंड में खासतौर पर अपना दबदबा बनाया. उन्होंने पहला राउंड 3-2 के करीबी अंतर से जीता. इस दौरान परवीन ने सावधानी बरतते हुए काउंटर पंच मारे. परवीन ने दूसरे राउंड में अपने हिट्स से दबदबा बनाया, जबकि चीनी बॉक्सर ने भी कुछ पंच मारे.
भारतीय बॉक्सर तीसरे राउंड में फिर बेहतर
इसके बावजूद परवीन ने राउंड 5-0 से जीत लिया. भारतीय बॉक्सर तीसरे राउंड में एक बार फिर बेहतर रहीं. उन्होंने सटीक पंच मारे और तीसरा राउंड 5-0 से जीत लिया. सभी पांच जजों ने उनके पक्ष में वोट दिया, जिसमें से तीन ने उन्हें 29-28 और दो ने 30-27 का फैसला दिया. परवीन अब 65 किग्रा के फाइनल में पहुंच गई हैं, जहां उनका सामना गोल्ड मेडल के लिए चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन से होगा. यह मुकाबला कड़ा और रोमांचक होगा.
2023 एशियन गेम्स में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता
निएन-चिन मौजूदा ओलंपिक और वर्ल्ड ब्रॉन्ज मेडलिस्ट हैं। उन्होंने 2023 एशियन गेम्स में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता है. भारत के अंकुश पंघाल और नरेंद्र भी मंगलवार को अपने-अपने सेमीफाइनल में उतरेंगे. दोनों मुक्केबाज फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगे. भारत ने एशियन गेम्स में मुक्केबाजी में छह मेडल पक्के कर लिए हैं. सोमवार को कपिल पोखरिया, प्रिया घनघस और लवलीना बोरगोहेन ने अपने-अपने मुकाबले जीते.
महिलाओं की 60 किग्रा कैटेगरी में मेडल पक्का
प्रिया ने क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान की मिजगोना समदोवा पर 5-0 से एकतरफा जीत के बाद महिलाओं की 60 किग्रा कैटेगरी में मेडल पक्का कर लिया. इससे पहले दिन में लवलीना ने कोरिया की सियोंग सुयोन के खिलाफ महिलाओं के 75 किग्रा क्वार्टर फाइनल में 5-0 से मजबूत जीत के साथ अपना मेडल पक्का कर लिया. रविवार को अंकुश, परवीन और नरेंद्र ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर तीन पदक सुनिश्चित किए थे.
भारत को मौजूदा गेम्स में अपना पहला बॉक्सिंग मेडल पक्का
मौजूदा कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन अंकुश ने पुरुषों के 80 किग्रा क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के नेक्रूज सालिमोव को 5-0 के एकमत फैसले से हराकर भारत को मौजूदा गेम्स में अपना पहला बॉक्सिंग मेडल पक्का किया. इस बीच परवीन ने भी महिलाओं की 65 किग्रा कैटेगरी में क्वार्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान की नवबखोर खामिदोवा को 5-0 से हराकर अपना मेडल पक्का किया. नरेंद्र ने पुरुषों के +90 किग्रा क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के अदथापोंग सेंगटेप को हराकर अपना पदक पक्का किया.
इसे भी पढ़ें. “आप हरी झंडी देंगे, तभी चच्चू को मिलेगी एंट्री”, OP राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना

