Benjamin Netanyahu: दुनिया में अमेरिका को इजरायल का एकमात्र सहयोगी बताने वाले जेडी वेंस को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने करारा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका, इजरायल का शक्तिशाली और करीबी सहयोगी है, लेकिन दुनिया में कई और भी ऐसे देश है, जो इजरायल के सहयोगी है. नेतन्याहू ने भारत का नाम लेते हुए कहा कि 1.4 अरब की आबादी वाला देश इजरायल का मजबूत सहयोगी है.
दरअसल, अमेरिकी ब्रॉडकास्टर के दौरान जेडी वेंस के बयान पर नेतन्याहू की प्रतिक्रिया पूछी गई, जिसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने वॉशिंगटन को यरुशलम का सबसे करीबी सहयोगी बताया था. वेंस ने इसके साथ ही कहा कि इजरायली कैबिनेट को ईरान के साथ शांति समझौते की आलोचना करने के बजाय इसका समर्थन करना चाहिए.
नेतन्याहू ने भारत को बताया इजरायल का मजबूत सहयोगी
वेंस के बयान पर नेतन्याहू ने कहा कि वॉइट हाउस के अलावा भी इजरायल के दोस्त हैं. उन्होंने अमेरिका पर तंज कसते हुए कहा कि “हमारे पास कुछ दूसरे दोस्त भी हैं, जैसे कि छोटा सा देश भारत है. इसकी 1.4 अरब की आबादी है और हमें वहां जबरदस्त समर्थन मिलता है.” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें सोशल मीडिया पर भारत के लोगों से बहुत सारे सपोर्ट वाले मैसेज मिलते हैं. नेतन्याहू ने कहा कि “फेसबुक और दूसरी जगहों से मुझे लोगों का जबरदस्त सपोर्ट मिल रहा है और ऐसे कई और भी माध्यम हैं.”
अच्छे संबंध, लेकिन सहमति जरूरी नही
हालांकि इजरायली नेता ने यह भी माना कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ उनके अच्छे संबंध हैं, लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि मैं उनकी हर बात से सहमत हूं. साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ किसी तरह के मतभेद से भी इनकार किया.
इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि दूसरे देशों के नेता भी अक्सर उनसे निजी तौर पर संपर्क करते अपना समर्थन जताते हैं, भले ही उन्हें देश में जनता के दबाव का सामना करना पड़ता हो. उन्होंने बताया कि ये देश रक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर टेक्नोलॉजी में इजरायल के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं.

