Typhoon Champi: तूफान चांपी के ताइवान में आने से पहले काफी काफी सावधनी बरती जा रही है. 170 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना के मद्देनजर स्कूल और ऑफिसों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर सैंकड़ों उड़ानें रद कर दी गई हैं.
ताइवान के काफी करीब पहुंच चुका है तूफान
तूफान ताइवान के काफी करीब पहुंच चुका है. इसके लिए प्रशासन पहले से अपनी तैयारी कर रहा है. आंधी और तेज बारिश के साथ खतरनाक मौसम की वजह से प्रशासन एहतियातन ये कदम उठा रहा है.
इन शहरों में बंद हुए स्कूल-दफ्तर
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, स्कूल और ऑफिस ग्रेटर ताइपे, कीलुंग और ताओयुआन सहित कई इलाकों में शुक्रवार को बंद करने की घोषणा की गई है. वहीं, दक्षिणी ताइवान में युनलिन, चियायी, ताइनान, काओशुंग और पिंगतुंग में भी बंद की तैयारी है. पूर्वी ताइवान के साथ बाहरी द्वीप जिनमें यिलान, हुआलिएन, पेंघु और लिएनचियांग शामिल हैं, यहां पर भी बंद की घोषणा है. एहतियातन यहां पर कामकाज बंद कर दिया गया है.
ताइवान की केंद्रीय मौसम प्रशासन (CWA) ने गुरुवार को तूफान चांपी के करीब पहुंचने पर एक चेतावनी जारी की. जमीनी चेतावनी 22 अक्टूबर की सुबह जारी की गई है. इसमें लोगों से प्रशासन द्वारा बताए गए नियमों को फॉलो करने के लिए कहा गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, तूफान शुक्रवार की सुबह से शाम के बीच ताइवान पहुंच सकता है. अनुमान है कि शनिवार की शाम तक इस तूफान का असर दिखेगा. इसके बाद इसका असर कमजोर होगा, तब जाकर लोग अपने पुराने कामकाज पर लौट सकते हैं.
भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात
तूफान के असर की वजह से कई इलाकों में भारी बारिश शुरू हो चुकी है. ताइपे शहर में कुछ जगहों पर 24 घंटों के अंदर 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई है. इससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. अधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को समुद्र तटों और पहाड़ी इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी है, ताकि किसी भी खतरे को टाला जा सके.
तूफान का असर उड़ानों पर भी
तूफान का असर ताइवान पर दिख रहा है. तूफान के आने से पहले 100 से अधिक उड़ानें रद हो चुकी हैं. यात्रियों को एयरलाइन की अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है. तूफान पड़ोसी देश जापान तक भी पहुंच गया है। इसके असर की वजह से चार एयरलाइनों की 160 से ज़्यादा उड़ानें रद कर दी गई हैं.

