अफ्रीकन रिपब्लिक में खदान धंसने से बड़ा हादसा, अब तक 30 खनिकों की मौत, मलबे में अभी भी दबे हैं कई मजदूर

Bangui: सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक के पश्चिमी हिस्से में सोने की एक खदान ढहने से अब तक 30 खनिकों की मौत हुई है. कई अन्य लोग अब भी फंसे हुए हैं. बचे हुए खनिकों में से एक, फ्लोरियन गागुएंडे के अनुसार, नाना-माम्बरे प्रीफेक्चर के अब्बा इलाके में मौजूद यह छोटी और पारंपरिक तकनीक वाली खदान मंगलवार सुबह ढह गई. उन्होंने बताया कि बचावकर्मी फंसे हुए अन्य खनिकों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन उनके जीवित मिलने की संभावना कम होती जा रही है.

पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना

सरकार के प्रवक्ता एवरेस्ट नगामाना ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि अधिकारी प्रभावित लोगों को राहत और सहायता पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं. उप-प्रीफेक्चर के डिप्टी मेयर सुलेमान बी ने कहा कि बचावकर्मियों और स्थानीय लोगों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद ढही हुई खदान से 30 शव निकाले और घायल खनिकों का इलाज किया जा रहा है.

नेक दिल लोगों से मदद की अपील

बी ने कहा कि यह बहुत दुखद है और हम संगठनों तथा नेक दिल लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं ताकि उन लोगों को गड्ढे से बाहर निकाला जा सके जो खुद बाहर नहीं आ पा रहे हैं. घटनास्थल के फुटेज में अफरा-तफरी के बीच बचाव कार्य होते हुए दिखाई दे रहा है. कीचड़ से सने युवा पुरुष और महिला खनिक गड्ढे से एक शव निकालते हुए दिख रहे हैं, जबकि दर्जनों अन्य खनिक और मजदूर विशाल खदान परिसर में इधर-उधर बिखरे हुए हैं और कुछ लोग मदद के लिए चिल्ला रहे हैं.

खदानों के ढहने की घटनाएं आम

सेंट्रल अफ़्रीकन रिपब्लिक में पारंपरिक खदानों के ढहने की घटनाएं आम हैं. इस इलाके में हजारों लोग छोटे पैमाने पर खनन का काम करते हैं. यह काम जोखिम भरा है क्योंकि खनिकों के पास आमतौर पर पर्याप्त सुरक्षा नहीं होती, तकनीकी का अभाव है और अक्सर इस तरह के हादसे जानलेवा साबित होते हैं. इससे पहले जनवरी 2025 में दक्षिण अफ़्रीका में एक बड़ा खनन हादसा हुआ था. खदान में फंसने से 100 अवैध खनिकों की मौत हो गई थी. ये सभी मजदूर एक सोने की खदान में अवैध रूप से खनन कर रहे थे.

इसे भी पढ़ें. ‘जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा’, बोले- अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, सुरक्षा माहौल की तारीफ की

Latest News

चीन ने विदेशी पर्वतारोहियों के लिए बंद किए माउंट एवरेस्ट और तिब्बत के रास्ते, जाने क्या है वजह

China Everest Ban: इस साल विदेशी पर्वतारोहियों के लिए माउंट एवरेस्ट के उत्तरी हिस्से सहित तिब्बत की सबसे ऊंची...

More Articles Like This

Exit mobile version