New Delhi: महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बेटे क्रिस्टियानो जूनियर को पहली बार पुर्तगाल की अंडर-17 टीम में जगह मिली है. 16 साल के क्रिस्टियानो जूनियर को आगामी यूरोपियन अंडर-17 चैंपियनशिप क्वालिफायर के लिए चुना गया है. वह अब तक अंडर-15 और 16 टीमों के लिए खेले हैं. अल नासर की यूथ अकेडमी में ट्रेनिंग लेने वाले क्रिस्टियानो जूनियर के लिए यह एक बड़ा मौका है. वह अपने पिता की तरह पुर्तगाल की जर्सी में मैदान पर जलवा बिखेरने की तैयारी में होंगे.
23 खिलाड़ियों की टीम में शामिल
क्रिस्टियानो जूनियर को पुर्तगाल के कोच फिलिप रामोस ने 23 खिलाड़ियों की टीम में शामिल किया है. यह टीम यूरोपियन अंडर-17 चैंपियनशिप के क्वालिफाइंग मुकाबले खेलेगी. क्रिस्टियानो जूनियर ने मई 2025 में पुर्तगाल की अंडर-15 टीम से अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इसके बाद उन्हें अंडर-16 टीम में मौका मिला. दोनों उम्र वर्गों को मिलाकर वह अब तक 13 मैच खेल चुके हैं और 5 गोल किए हैं.
क्लब स्तर पर भी अच्छा रहा प्रदर्शन
अंडर-15 टीम के लिए उन्होंने 4 मैचों में 2 गोल किए थे. वहीं, अंडर-16 टीम की ओर से 9 मैचों में 3 गोल किए. क्लब स्तर पर भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है. इस सीजन में अल नासर की यूथ टीम के लिए 7 मैचों में 3 गोल कर चुके हैं. पुर्तगाल की टीम यूरोपियन अंडर-17 चैंपियनशिप क्वालिफायर में 11 नवंबर को अंडोरा के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी. इसके बाद 14 नवंबर को बुल्गारिया और 17 नवंबर को सर्बिया से मुकाबला होगा.
शीर्ष दो टीमों में जगह बनानी होगी
तीनों मैच पुर्तगाली फुटबॉल फेडरेशन के ओइरास स्थित ट्रेनिंग सेंटर में खेले जाएंगे. अगले दौर में पहुंचने के लिए पुर्तगाल को अपने ग्रुप में शीर्ष दो टीमों में जगह बनानी होगी. क्रिस्टियानो जूनियर के पिता दुनिया के सबसे महान फुटबॉल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. ऐसे में बेटे की तुलना उनसे होना स्वाभाविक है. हालांकि, रोनाल्डो पहले ही साफ कर चुके हैं कि वह अपने बेटे पर उनके जैसा खिलाड़ी बनने का दबाव नहीं डालना चाहते. अब पुर्तगाल की अंडर-17 टीम में चयन के बाद क्रिस्टियानो जूनियर के पास खुद को साबित करने का मौका है.
इसे भी पढ़ें. लखनऊ: ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली में बोले डिप्टी CM- देश में अराजकता फैला रही इंडिया गठबंधन

