Flydubai plane crash: UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद के सलाहकार अनवर गर्गश ने शुक्रवार को हाल ही में हुई फ्लाईदुबई फ्लाइट को क्रैश करने की कोशिश को “आतंकवादी घटना” बताया. गर्गश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में भारतीय पायलट स्मित मच्छार की तारीफ की. दरअसल, प्लेन को क्रैश करने की कथित कोशिश के दौरान उनके ओमानी को-पायलट ने उन पर कई बार चाकू से हमला किया था. इसके बावजूद मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिससे तीन इजरायली यात्री अंदर आए और हमलावर को काबू में किया. जिसके बाद प्लेन में मौजूद ऑफ-ड्यूटी एयरमेन ने सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग की.
नेतन्याहू ने दी सीधी धमकी
वहीं, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि फ्लाईदुबई घटना के पीछे जो भी ताकत होगी, उसे “बहुत भारी कीमत” चुकानी होगी. हालांकि, उन्होंने इस बात का कोई सबूत नहीं दिया कि इसके लिए कौन सा देश जिम्मेदार है. नेतन्याहू ने अपने एक बयान में कहा कि “जैसे-जैसे समय बीत रहा है, तस्वीर साफ होती जा रही है: हमलावर इस्लामी कट्टरपंथ से प्रभावित था. वह सभी यात्रियों के साथ विमान को क्रैश करने के इरादे से आया था.” हमलावर को-पायलट को लेकर नेतन्याहू ने कहा कि “हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या उसे किसी ने भेजा था, और जिसने भी उसे भेजा है, उसे बहुत भारी कीमत चुकानी होगी.”

