Hajj 2026: हज यात्रा के लिए इस साल मक्का में 15 लाख से ज्यादा लोग पहुंच चुके हैं. ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने अपनी हवाई सुरक्षा और मजबूत कर दी है. सफेद कपड़े पहने लाखों जायरीन बसों और पैदल चलते हुए मीना के बड़े कैंप इलाके में पहुंचे. वहीं, इससे पहले उन्होंने ‘तवाफ’ किया, यानी मक्का की बड़ी मस्जिद में मौजूद काबा के चारों ओर सात चक्कर लगाए.
इस बार हज की शुरुआत ऐसे समय हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी नाजुक युद्धविराम को बढ़ाने और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने को लेकर अलग-अलग संकेत दिए. वहीं हाल ही के महीनों में ईरान ने सऊदी अरब और खाड़ी के दूसरे देशों में कई जगहों को निशाना बनाकर हमले किए थे.
2025 से ज्यादा हज यात्री पहुंचे मक्का
इस साल की हज यात्रा में दुनिया भर से मुसलमान लंबा सफर तय करके इस अहम धार्मिक यात्रा में शामिल होने पहुंचे हैं, जिनमें ईरान से आए लोग भी शामिल हैं. ऐसे में सऊदी अधिकारियों ने कोशिश की है कि इस तनाव और संघर्ष का असर हज यात्रा पर न पड़े. तनाव और अनिश्चितता के बावजूद, सऊदी अधिकारियों का कहना है कि इस साल 2025 के मुकाबले विदेशों से ज्यादा लोग हज में शामिल हुए हैं.
आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम की तैनाती
इस दौरान, सऊदी रक्षा मंत्रालय ने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें मक्का के बाहरी इलाकों में आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम तैनात दिखाए गए. मंत्रालय का कहना है कि “हवाई सुरक्षा बल पवित्र स्थलों के ऊपर आसमान की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार हैं. उनका काम किसी भी हवाई खतरे का जवाब देना और यात्रियों की सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करना है.”
वहीं, पिछले हफ्ते ही सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि उसने इराक की दिशा से उसके हवाई क्षेत्र में घुसे तीन ड्रोन को रोक लिया था. वहीं, यूएई ने मंगलवार को बताया कि पिछले 48 घंटों में उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने इराक की दिशा से आए छह ड्रोन का पता लगाया.

