भारत का मोस्ट वांटेड गैंगस्‍टर हैरी बॉक्‍सर गिरफ्तार, अमेरिका में बैठकर चला रहा था गिरोह

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Harry Boxer Arrested: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अहम मेंबर कुख्‍यात हैरी बॉक्‍सर को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है और जल्‍द ही उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. लॉरेंस बिश्‍नोई गैंग में 3 नंबर की हैसियत वाले हैरी बॉक्सर अमेरिका में बैठकर गिरोह की गतिविधियों को संचालित कर रहा था. इसने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली थी. इसके अलावा सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकियां दी थीं. 

बता दें कि लॉरेंस बिश्‍नोई गैंग के गैंगस्‍टर हैरी बॉक्‍सर को अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी ने स्‍पेशल सेल के इनपुट के आधार पर कैलिफोर्निया से गिरफ्तार किया है. भारतीय समय के अनुसार, हैरी बॉक्‍सर को शुक्रवार रात को पकड़ा गया. हैरी बॉक्सर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है. उसके खिलाफ हत्या, धमकी देने और रंगदारी वसूलने समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इसके अलावा, उसके आपराधिक नेटवर्क और गैंग से जुड़े संपर्कों की जांच की जा रही है.

अब भारत लाने की कोशिश

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए गैंगस्‍टर हैरी बॉक्‍सर की गिरफ्तारी बड़ी सफलता है. वहीं, अब उसे भारत लाने के लिए औपचारिक कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी. दिल्‍ली पुलिस के साथ ही मुंबई और हरियाणा पुलिस को भी हैरी बॉक्‍सर की लंबे समय से तलाश थी, जो वर्षो बाद पूरी हुई है. वहीं, उससे पूछताछ में बिश्‍नोई गैंग के कामकाज करने के तरीकों के बारे में पता चलने की संभावना है. इसके अलावा गैंग के टार्गेट पर कौन-कौन है इसके बारे में भी जानकारी मिल सकेगी.

बॉलीवुड की कई हस्तियों को दे चुका है धमकी

फिल्म एक्टर रणवीर सिंह के मैनेजर को हैरी बॉक्सर ने धमकी भरा वॉइस मैसेज भेजकर 10 करोड़ रुपये मांगे थे. इस घटना से पहले हैरी बॉक्सर ने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को जान से मारने की धमकी दी थी. इस समय लॉरेंस बिश्नोई गैंग का यह नंबर-3 गुर्गा हैरी बॉक्सर बॉलीवुड हस्तियों के लिए खौफ का पर्याय बना हुआ था. हैरी बॉक्सर के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी हुआ था.

हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया की गिरफ्तारी

हैरी बॉक्‍सर से पहले अमेरिकी एजेंसियों ने भारत में मोस्‍ट वॉन्‍टेड गैंगस्‍टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को गिरफ्तार किया था. ये दोनों फर्जी पासपोर्ट के सहारे अमेरिका में रह रहे थे. दोनों पर अमेरिका में बैठकर अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क ऑपरेट करने का आरोप है. भारतीय जांच एजेंसियों के मुताबिक, हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया अमेरिका में एक साथ रह रहे थे. दोनों को अमेरिकी एजेंसियों ने एक साथ पकड़ा.
Latest News

दबे पांव आ रहा तूफान सेमपाका, अचानक लेगा 108 की स्पीड, मौसम विभाग का अलर्ट जारी

Typhoon Cempaka: इस बार दिवाली के जश्न और रोशनी के बीच मौसम का मिजाज बिगड़ता हुआ नजर आ रहा...

More Articles Like This

Exit mobile version