IND vs IRE: टी20 वर्ल्ड कप में आयरलैंड से टीम इंडिया की करारी हार के बाद बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने कहा है कि दुर्भाग्य से हम इसमें सफल नहीं हो सके. अभिषेक ने कहा कि टीम को आयरलैंड की परिस्थितियों के अनुसार खुद को जल्द से जल्द ढालना होगा. अब भारतीय टीम दूसरे और आखिरी मुकाबले में भारत बेहतर प्रदर्शन कर सीरीज बराबर करने के इरादे से उतरेगा.
आयरलैंड की टीम ने करारी शिकस्त दी
टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम इंडिया को आयरलैंड की टीम ने करारी शिकस्त दी है. बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मैच में आयरलैंड ने इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत को पहली बार हराया है. पहले टी20 मुकाबले में आयरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 34 रन से मात दी है. इस जीत के साथ आयरलैंड ने सीरीज में 1-0 की लीड बना ली है. मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 182 रन बनाए. जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई.
खुद को कितनी जल्दी ढाल पाते
अभिषेक ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “एक टीम के तौर पर ये बहुत जरूरी है कि हम हालात के अनुसार खुद को कितनी जल्दी ढाल पाते हैं. जब लगातार दो मैच खेलने होते हैं, तो पूरे ग्रुप को परिस्थितियों के हिसाब से जल्दी तालमेल बैठाना पड़ता है. प्रैक्टिस सेशन और अनुभव से इसमें मदद मिलती है. एक मजबूत टीम होने के नाते हमें तेजी से परिस्थितियों के अनुसार खुद को बदलना चाहिए. आज हमने ऐसा करने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्य से हम इसमें सफल नहीं हो सके.”
जय मूंद्रा ने दो विकेट झटके
आयरलैंड की ओर से हम्फ्रीज और होलार्ड ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि भारतीय मूल के जय मूंद्रा ने दो विकेट झटके. भारत के बल्लेबाज तेज शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल सके और लगातार विकेट गंवाने के कारण पूरी टीम 148 रन पर सिमट गई. अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जड़कर उम्मीद जगाई, लेकिन दूसरे बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके.
संजू सैमसन को बोल्ड कर शुरुआती झटका
वहीं, अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में खेल रहे तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा ने शानदार शुरुआत करते हुए संजू सैमसन को बोल्ड कर भारत को शुरुआती झटका दिया. आयरलैंड के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा (2/26) ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई.
धीमी गेंद को सही तरीके से नहीं खेल पाए
भारत के नियमित टी20 कप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पहले ही मैच में उनकी कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी भी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. अय्यर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में मैट होलार्ड की धीमी गेंद को सही तरीके से नहीं खेल पाए और गेंद हवा में चली गई, जहां जॉर्ज डॉकरेल ने आसान कैच लेकर उनकी पारी का अंत कर दिया.
इसे भी पढ़ें. हैदराबाद में सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखा, Trump बोले- ‘धन्यवाद, ऐसा सम्मान पाने वाला मैं पहला अमेरिकी राष्ट्रपति’

