‘बल्लेबाजों का दोष नहीं, हमारी गेंदबाजी ही रही कमजोर’, मुंबई इंडियंस की हार पर हार्दिक पांड्या का बयान

Delhi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 13वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) को 27 रनों से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की. मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने हार का मुख्य कारण गेंदबाजी को बताया है. उन्होंने कहा कि पावरप्ले में हमारी गेंदबाजी वैसी नहीं रही, जैसी होनी चाहिए थी. हमारी गेंदबाजी इकाई को जिम्मेदारी लेनी होगी. हम उस स्तर पर नहीं थे, जो टी20 क्रिकेट में अपेक्षित होता है.

हमारी गेंदबाजी में थोड़ी कमी थी

हार्दिक पांड्या ने बल्लेबाजी का बचाव करते हुए कहा कि मैं इस हार का जिम्मेदार बल्लेबाजी को नहीं मानूंगा. सिर्फ हमारी गेंदबाजी में थोड़ी कमी थी. टी20 में छोटे अंतर से खेल बदल जाता है. यदि हमने पांच सही गेंदें फेंकी होतीं और कुछ शॉट्स को रोक पाते, तो खेल हमारे नियंत्रण में रहता. 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ने हार्दिक सहित सभी को प्रभावित किया.

उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन

हार्दिक ने कहा कि इतनी कम उम्र के खिलाड़ी को इतने आत्मविश्वास और साहस के साथ खेलते देखना अद्भुत है. हमने उनके बारे में पहले से चर्चा की थी, लेकिन उन्होंने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया. भविष्य के लिए मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं. आगामी मैच के लिए हार्दिक ने सकारात्मक रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि टीम अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ेगी. कल नया दिन है, सूरज फिर उगेगा. हमें बस अपनी गलतियों से सीखना है और अगले मैच में मजबूत तैयारी करनी है.

दूसरी हार के बाद सातवें स्थान पर मुंबई इंडियंस

इस जीत के साथ रियान पराग की कप्तानी वाली टीम अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई, जबकि मुंबई इंडियंस लगातार दूसरी हार के बाद सातवें स्थान पर आ गई. बारिश के कारण मैच को 11-11 ओवर का कर दिया गया. टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने पहले गेंदबाजी का विकल्प चुना, लेकिन राजस्थान के बल्लेबाजों ने इसका फायदा उठाते हुए शानदार प्रदर्शन किया. टीम ने 11 ओवर में केवल 3 विकेट खोकर 150 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया. जवाब में मुंबई की टीम संघर्ष करती नजर आई और निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी.

इसे भी पढ़ें. IIMT ‘भारत फिल्म फेस्टिवल’ का शंखनाद, CMD उपेंद्र राय ने युवाओं में भरा जोश; सुनें उन्होंने क्या-क्या कहा?

Latest News

31 August 2026 Ka Panchang: सोमवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

31 August 2026 Ka Panchang: आज 31 अगस्त 2026, सोमवार का दिन है और भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष...

More Articles Like This

Exit mobile version