New Delhi: दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के लिए भारत के पूर्व लेग-स्पिनर अमित मिश्रा को स्पिन-बॉलिंग कोच नियुक्त किया है. इस नियुक्ति के साथ मिश्रा उसी फ्रेंचाइजी में एक नई भूमिका के साथ वापस लौटे हैं, जहां से उन्होंने अपने IPL सफर की शुरुआत की थी. 43 वर्षीय मिश्रा ने सितंबर 2025 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था और अब वह पहली बार इस लीग में कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे.
मैं खुद को दिग्गज तो नहीं कहूंगा
बुधवार को फ्रेंचाइजी के सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में मिश्रा ने कहा कि मैं खुद को दिग्गज तो नहीं कहूंगा, लेकिन IPL में मेरा प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है. दिल्ली दिलवालों की है. जब IPL का पहला सीजन हुआ था, तब मैं डीसी का हिस्सा था. आज, जब मैं अपने कोचिंग करियर की शुरुआत कर रहा हूं, तो वह भी डीसी टीम के साथ ही है, इसलिए मैं बहुत खुश हूं. बाघ कभी अपना शिकार नहीं छोड़ता. दिल्ली मेरी धड़कन है.
अब तक कोई भी IPL खिताब अपने नाम नहीं किया
हम दिल्ली के फैंस को वह खुशी देने की कोशिश करेंगे, जिसका वे इतने वर्षों से इंतजार कर रहे हैं. दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक कोई भी IPL खिताब अपने नाम नहीं किया है. यह टीम बीते सीजन छठे पायदान पर रही थी. अमित मिश्रा ने अपने IPL करियर की शुरुआत साल 2028 में की थी. उन्होंने अपने पहले ही मैच में 5 विकेट हासिल किए थे. मिश्रा IPL में तीन बार हैट्रिक ले चुके हैं. घरेलू क्रिकेट में हरियाणा के लिए खेलने वाले मिश्रा के नाम IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड है.
आखिरी IPL साल 2024 में लखनऊ के लिए खेला
अपनी धीमी और हवा में लहराती लेग-ब्रेक गेंदों के लिए मशहूर मिश्रा ने 2008 से 2024 के बीच (2022 को छोड़कर) हर IPL सीजन में हिस्सा लिया. इस दौरान वे दिल्ली कैपिटल्स (जिसे पहले डेयरडेविल्स के नाम से जाना जाता था), डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों का हिस्सा रहे. मिश्रा ने अपना आखिरी IPL मैच साल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेला. 162 IPL मुकाबलों में उनके नाम 174 विकेट दर्ज हैं. इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 7.37 रही. मिश्रा ने साल 2003 से 2017 के बीच भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 मैच खेले.
इसे भी पढ़ें. पाकिस्तान में भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, 11 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

