Iran Israel War: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अब दुनियाभर में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की चर्चा होने लगी है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये हैं कि अगर ईरान और इजरायल के बीच जंग खतरनाक स्तर पर पहुंचती है और ईरान की धरती पर परमाणु धमाका होता है, तो इसका दुनियाभर में क्या असर हाेगा, क्या इसका असर भारत पर भी पड़ेगा?
भारत पर क्या हाेगा इसका असर
अन्य किन-किन देशों के लिए मंडरा रहा खतरा
ईरान में अगर कोई परमाणु घटना होती है, तो सबसे ज्यादा तबाही उसके पड़ोसी देशों में देखने को मिलेगी. ईरान के 500 से 1000 किलोमीटर के दायरे में आने वाले इराक, तुर्की, आर्मेनिया, अजरबैजान, तुर्कमेनिस्तान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान जैसे देशों को बेहद घातक रेडिएशन का सामना करना पड़ेगा. इन देशों में रेडियोधर्मी धूल (फॉलआउट) सीधे तौर पर लोगों की सेहत और पर्यावरण को बर्बाद कर सकती है. हवा के बहाव के आधार पर इन देशों की सुरक्षा पूरी तरह दांव पर लगी होगी.
खाड़ी देशों और समुद्री पर्यावरण पर संकट
ईरान के दक्षिण में स्थित खाड़ी देश जैसे सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भी इस खतरे की चपेट में हैं. अगर ईरान के बुशहर जैसे तटीय परमाणु बिजली संयंत्रों को निशाना बनाया गया, तो रेडियोएक्टिव रिसाव सीधे फारस की खाड़ी और अरब सागर के पानी को जहरीला बना सकता है. इससे समुद्री जीव-जंतुओं के साथ-साथ इन देशों की पेयजल व्यवस्था और अर्थव्यवस्था पर भी गहरा असर पड़ेगा. समुद्री लहरें इस प्रदूषण को भारतीय तटों तक भी पहुंचा सकती हैं.
रिएक्टर पर हमला हाेगा ज्यादा खतरनाक?
विशेषज्ञों की माने ताे परमाणु बम फटने की तुलना में चालू परमाणु रिएक्टर या कचरा भंडारण केंद्रों (वेस्ट स्टोरेज) पर हमला करना कहीं ज्यादा खतरनाक होता है. बम का असर कुछ समय बाद कम होने लगता है, लेकिन रिएक्टर से निकलने वाले स्ट्रोंटियम, सीजियम और आयोडीन जैसे तत्व मिट्टी और पानी में मिलकर दशकों तक वहां की आबादी को बीमार कर सकते हैं. यह लंबी अवधि का रेडियोलॉजिकल जोखिम है, जो पूरे क्षेत्र के लिए कैंसर जैसी बीमारियों का बड़ा कारण बन सकता है.
भारत के सामने क्या-क्या हाेगी चुनौतियां
रेडिएशन के अलावा, ईरान में किसी भी परमाणु संघर्ष का भारत पर गहरा आर्थिक असर पड़ेगा. भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए तेल और एलपीजी (LPG) के आयात पर निर्भर है, जिसकी सप्लाई चेन इस क्षेत्र से होकर गुजरती है. युद्ध की स्थिति में भारत की ऊर्जा सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी. इसके अलावा, खाड़ी देशों और ईरान के आसपास बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं. वहां किसी भी तरह का परमाणु रिसाव या युद्ध न केवल उनकी जान जोखिम में डालेगा, बल्कि भारत के लिए उनके रेस्क्यू का एक बड़ा संकट खड़ा कर देगा.