Iran military targets: ईरान की IRGC से जुड़ी फॉर्स न्यूज एजेंसी (FNA) ने ईरानी सेना के संभावित लक्ष्यों की सूची प्रकाशित की है. ऐसे में यदि ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमले होते हैं, तो ईरान इन देशों के संभावित लक्ष्यों पर जवाबी कार्रवाई कर सकता है. बता दें कि ईरान के ये संभावित लक्ष्य इजरायल के अलावा खाड़ी के 8 देशों में फैले हुए हैं.
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मोजतबा खामेनेई ने भी IRGC के शीर्ष कमांडरों के साथ मुलाकात में अमेरिकी और इजरायली हमलों का तुरंत और कड़ा जवाब देने का आदेश दिया है. उन्होंने कहा है कि ईरान तय करेगा कि युद्ध कब और कैसे खत्म होगा.
ईरान के संभावित लक्ष्यों में क्या
ईरान के संभावित लक्ष्यों का जो नक्शा जारी हुआ है, उसमें इजरायल, सऊदी अरब, UAE, बहरीन, कतर, कुवैत, ओमान और जॉर्डन सहित आठ देशों की पहचान की गई है. साथ ही, इसमें 11 तरह के संभावित लक्ष्यों को भी बताया गया है, जिनमें बंदरगाह, हवाई अड्डे, पावर प्लांट, डिसेलिनेशन प्लांट (समुद्री पानी को पीने लायक बनाने वाले संयंत्र), पेट्रोकेमिकल साइट्स, समुद्र के नीचे बिछी केबल, पुल, रेल और मेट्रो सिस्टम, टेक्नोलॉजी और AI कंपनियां, होटल और शॉपिंग मॉल शामिल हैं.
एक्सपर्ट ने ईरान के निशाने वाली लिस्ट पर क्या कहा?
अमेरिकी रिस्क एडवाइजरी बाशा रिर्पोट ने बताया है कि इस धमकी को ईरान के इंफॉर्मेशन वारफेयर माना जा रहा है, जिसका मकसद क्षेत्रीय सरकारों को डराना और अमेरिका पर दबाव बनाना है. दरअसल, ईरान क्षेत्रीय देशों में एक बड़े संघर्ष का डर भी पैदा कर रहा है, जो उनकी अर्थव्यवस्था को बड़े पैमाने पर प्रभावित कर सकता है. हालांकि IRGC के फॉर्स न्यूज एजेंसी के साथ करीबी संबंधों को देखते हुए ईरान का प्रोपेगैंडा मानकर नजरअंदाज न करने की भी सलाह दी गई है.