Tehran: ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि ईरान ने उसके क्षेत्र की ओर मिसाइलें दागी थीं. UAE ने मंगलवार को दावा किया था कि उसे ईरान से दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों का पता चला. इसके बाद ईरान की ओर से यह प्रतिक्रिया सामने आई. इस बीच UAE ने ईरान के साथ अगले आदेश तक सभी व्यापार, वाणिज्यिक आदान-प्रदान और वित्तीय लेनदेन निलंबित कर दिए हैं.
UAE का यह कदम अच्छे पड़ोसी के सिद्धांत के विपरीत
बाघेई ने ईरान पर लगाए आरोपों पर खेद जताते हुए कहा कि UAE का यह कदम अच्छे पड़ोसी के सिद्धांत के विपरीत है और क्षेत्रीय देशों के बीच विश्वास कायम करने तथा पश्चिम एशिया में असुरक्षा बढ़ने से रोकने के प्रयासों को नुकसान पहुंचाता है. उन्होंने क्षेत्रीय देशों से ईरान के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाने से बचने की अपील की. बघाई ने कहा कि क्षेत्र में पहले से ही अमेरिका और इजरायल की उन गतिविधियों के कारण जटिल स्थिति बनी हुई है, जिन्हें ईरान क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए नुकसानदायक मानता है.
देश के क्षेत्रीय जल से बाहर गिरी मिसाइल
उन्होंने कथित फॉल्स-फ्लैग अभियानों के इतिहास का भी हवाला दिया. UAE के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया था कि दोनों में से पहली मिसाइल देश के क्षेत्रीय जल से बाहर गिरी, जबकि दूसरी उसके क्षेत्रीय जल के भीतर गिरी. मंत्रालय ने कहा था कि देश हाई अलर्ट पर है और अपनी सुरक्षा, संप्रभुता तथा स्थिरता को प्रभावित करने वाले किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
मिसाइलों का निशाना समुद्री यातायात
UAE ने कहा था कि मिसाइलों का निशाना समुद्री यातायात था. हालांकि, घटना में अब तक किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं है. इस बीच UAE के विदेश मंत्रालय ने बुधवार तड़के सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि उसने ईरान के साथ अगले आदेश तक सभी व्यापार, वाणिज्यिक आदान-प्रदान और वित्तीय लेनदेन निलंबित कर दिए हैं.
एकीकरण को आवश्यक माध्यम
मंत्रालय के रणनीतिक संचार विभाग की निदेशक अफरा अल हमेली ने कहा कि यह फैसला क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा को प्रभावित करने वाले बढ़ते तनाव के बीच लिया गया है. UAE ने साथ ही कहा कि वह क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए संवाद, सहयोग और क्षेत्रीय एकीकरण को आवश्यक माध्यम मानता है.
इसे भी पढ़ें. लंबे अंतराल के बाद पत्नी बुशरा बीबी और बहन से मिले इमरान खान, जेल में क्या हुई बातचीत?