Iran-US War Update: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है. अमेरिका और ईरान लगातार एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं. ईरान ने अब गल्फ में मौजूद अमेरिका के बेस को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. एयर डिफेंस सक्रिय हैं और लगातार बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को इंटरसेप्ट किया जा रहा है. उधर, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे सऊदी अरब के एक कच्चे तेल के टैंकर पर हुए हमले में फिलीपींस के दो नाविकों की मौत हो गई है.
एक सुरक्षा घटना का शिकार
सऊदी अरब की राष्ट्रीय शिपिंग कंपनी बहरी ने बुधवार को इस बात की पुष्टि की है कि उनका जहाज सिद्र सोमवार देर रात इस सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण जलडमरूमध्य से गुजरते समय एक सुरक्षा घटना का शिकार हो गया. यह हमला ओमान के खसाब शहर के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुआ. कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट जारी कर इन दोनों फिलीपींस के नाविकों की जान जाने पर गहरा दुख जताया है.
क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंताएं
इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं. ईरान पर सैंक्शंस बढ़ाकर पहले ही अमेरिका ने उस पर दबाव बढ़ा दिया था लेकिन अब वो सीधे हमले भी कर रहा है. पलटवार ईरान की ओर से भी चल रहा है और अब खाड़ी देशों को ये धमकी भी मिली है कि अगर वो अमेरिका का साथ देंगे तो हमले उन पर भी होंगे. ईरान ने अमेरिका से जुड़े सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए. ये हमले जॉर्डन, कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य सुविधाओं को निशाना बनाकर किए गए.
3 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 10 को रोक दिया
जॉर्डन ने बताया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान की ओर से उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुई 13 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 10 को रोक दिया जबकि बाकी तीन मिसाइलें दूर-दराज के इलाकों में गिरीं. जॉर्डन के मुताबिक इन हमलों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने कैंप टिटिन में मौजूद अमेरिकी मरीन कॉर्प्स बेस को निशाना बनाया. कुवैत ने भी मिसाइल और ड्रोन हमलों की जानकारी दी है.
बहरीन में सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी
वहीं बहरीन ने लोगों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया. ईरान ने दावा किया कि उसने बहरीन के शेख ईसा एयरबेस को ड्रोन से निशाना बनाया. इससे पहले अमेरिका ने ईरान में IRGC के एयर डिफेंस, रडार, समुद्री और बारूदी सुरंग बिछाने वाली सुविधाओं पर हवाई हमले किए थे.
इसे भी पढ़ें. राम मंदिर ट्रस्ट के नए सदस्यों की घोषणा, महेश भागचंदका सहित तीन लोगों को मिली जिम्मेदारी