Iran US tension: अमेरिका-इजरायल सेना के खिलाफ जारी युद्ध के बीच ईरान ने कुछ ऐसा किया है, जिससे अब सभी की निगाहें ईरान के अगले कदम पर टिकी हुई है. दरअसल, ईरान ने अपनी राजधानी तेहरान के चौराहे पर बिलबोर्ड में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके पूरे परिवार को ताबूतों में दिखाया है, जो अमेरिकी झंडे से लिपटे हुए हैं. साथ ही जलते हुए व्हाइट हाउस के बैकग्राउंड वाले बैनर पर बड़े-बड़े अक्षरों में फारसी भाषा में लिखा है, ‘खून का बदला खून’.
बता दें कि यह पोस्टर तेहरान के सबसे व्यस्त और मुख्य इलाके में लगा है, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के साथ उनके पांचों बच्चों इवांका ट्रंप, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, एरिक ट्रंप, टिफनी ट्रंप और बैरन ट्रंप की तस्वीरें बनी हुई हैं.
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब ईरान ने खुलेआम अमेरिकी राष्ट्रपति को इस तरह की धमकी दी है. इससे पहले भी तेहरान के मशहूर एंग्लैब स्क्वायर पर एक बड़ा बिलबोर्ड लगाया गया था, जिसमें ट्रंप को ताबूत में लेटा हुआ दिखाया गया था. उस समय के तस्वीर में ट्रंप के बिखरे हुए बाल, बंद आंखें और पेट पर लाल टाई रखी हुई थी.
प्रोपेगैंडा के लिए बिलबोर्ड्स का इस्तेमाल
दरअसल, ईरान हमेशा से ही अपनी राजनीतिक और वैचारिक संदेशों को फैलाने के लिए सार्वजनिक जगहों का इस्तेमाल करता रहा है. लेकिन 28 फरवरी को शुरू हुए अमेरिका-इजरायल सेना के खिलाफ युद्ध के बाद से तेहरान की सड़कों पर ऐसे आक्रामक और क्रांतिकारी बिलबोर्ड्स की बाढ़ आ गई है. यह बैनर ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के उस बयान के ठीक बाद आया है, जिसमें उन्होंने अपने पिता की हत्या का बदला लेने का खुला ऐलान किया था.
‘बिस्तर पर चैन की मौत नहीं मरेंगे अपराधी’
खामेनेई ने अपने सोशल मीडिया पर अपने एक पोस्ट में लिखा कि “यह बदला हमारे देश की मांग है और इसे हर हाल में पूरा किया जाएगा. जिन अपराधियों ने यह किया है जिनके नाम ऊपर से नीचे तक सबको पता हैं. वे चैन से अपने बिस्तर पर मरने की हसरत लिए ही कब्र में जाएंगे. वो यह जान लें कि यह बदला मेरे रहने या किसी अन्य अधिकारी की मौजूदगी पर निर्भर नहीं करता, यह होकर रहेगा.”

