New Delhi: अमेरिका और ईरान के बीच महीनों से चल रही तनातनी के बीच एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शांति समझौते का दावा किया है तो वहीं दूसरी ओर खबर है कि दोनों देशों के बीच 5 जून को वार्ता होगी. अल अरबिया के हवाले से यह खबर सामने आई है. ईरान और अमेरिका के बीच संभावित प्रारंभिक समझौते का नाम इस्लामाबाद घोषणा होगा. यह प्रारंभिक समझौता एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) होगा, जिसके बाद अंतिम मुद्दों पर व्यापक समझौते के लिए बातचीत होगी.
प्रतिनिधिमंडलों के साथ पहुंचेगा वॉशिंगटन और तेहरान
पाकिस्तान, बातचीत में शामिल पक्षों की मौजूदगी के बिना ही इस MoU की घोषणा करेगा. अमेरिका और ईरान के बीच अगला दौर 5 जून को हो सकता है. बातचीत शुरू होने पर वॉशिंगटन और तेहरान अपने-अपने प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के साथ पहुंचेगा. इससे पहले ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध खत्म कराने के लिए एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग काफी हद तक तय हो चुका है.
फिर से खुल सकता है होर्मुज जलडमरूमध्य
ट्रंप ने दावा किया कि इस समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खुल सकता है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी अंतिम मुहर बाकी है. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका, ईरान और ‘कुछ अन्य देशों’ के बीच समझौते के आखिरी पहलुओं पर चर्चा चल रही है और जल्द घोषणा हो सकती है. इस दावे से पहले ट्रंप ने कतर, सऊदी अरब, यूएई, पाकिस्तान, जॉर्डन, मिस्र, तुर्किए और बहरीन के नेताओं से फोन पर बातचीत की. इसके बाद उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी अलग से बात की.
युद्ध जैसी स्थिति खत्म करने की कोशिश
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बातचीत में यह फार्मूला सामने आया है कि युद्ध जैसी स्थिति खत्म करने की कोशिश होगी, होर्मुज जलडमरूमध्य धीरे-धीरे खोला जा सकता है, ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी कम हो सकती है और विदेशी बैंकों में फंसी कुछ ईरानी संपत्तियां रिलीज हो सकती हैं. हालांकि सबसे मुश्किल मुद्दे ईरान का परमाणु कार्यक्रम, एनरिच्ड यूरेनियम और होर्मुज पर नियंत्रण अभी भी पूरी तरह सुलझे नहीं हैं.
इसे भी पढ़ें. Power Cut In UP: CM योगी ने बिजली कटौती पर की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश