Israel Iran War : अमेरिका और इजरायल के साथ जारी जंग के बीच ईरान संकट में घिरा है. इस बीच कश्मीर के लोग ईरान की मदद के लिए आगे आए हैं, उन्होंने युद्धग्रस्त ईरान के लिए नकद से लेकर सोना, तांबे के बर्तन समेत कई चीजें दान की हैं, इस दौरान कश्मीरी भावुक होते भी नजर आ रहे हैं, वहीं, छोटी-छोटी बच्चियां अपनी गुल्लक तक दान कर रही हैं. इस मदद के लिए ईरान ने भारत का आभार जताया है.
ईरान की मदद के लिए आगे आए कश्मीरी
मिडिल ईस्ट संकट के बीच बडगाम के कुछ लोगों ने ईरान के लिए सोना, चांदी और नकदी दान की है. इसी बीच मोहसिन अली नाम के एक शख्स ने बताया कि दान इकट्ठा करने के नेक मकसद के लिए मस्जिद इमाम जमान में एक स्टॉल लगाया गया है. हमारी माताएं और बहनें गहने, तांबा और नकद दान कर रही हैं, जिससे हम ईरान को उसकी मौजूदा स्थिति में मदद कर सकें. उन्होंने कहा कि हम समर्थन देने के लिए ईरान नहीं जा सकते, इसलिए कम से कम ईरान की मदद कर मानवता की सेवा कर सकते हैं.
विधायक ने किया सैलरी के दान का ऐलान
वहीं, बडगाम के विधायक मुंतजिर मेहदी ने भी ईरान के लोगों के साथ खड़े होने की बात कही. उन्होंने अपनी एक महीने की सैलरी राहत के लिए दान करने का ऐलान किया है. विधायक ने कहा कि मुश्किल समय में इंसानियत सबसे पहले आनी चाहिए.
ईरान ने जताया आभार
दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कुछ पोस्ट शेयर किए. इनमें देखा जा रहा है कि किस तरह कश्मीर के लोग अपनी स्वेच्छा से ईरान की मदद के लिए आगे आ रहे हैं. बड़ी संख्या में लोग नकद, गहने और तांबे के बर्तन दान करते नजर आए. इसके लिए आभार जताते हुए दूतावास ने लिखा कि “हम आपकी दयालुता और मानवता को कभी नहीं भूलेंगे. धन्यवाद, भारत.”
एक दूसरे पोस्ट में ईरानी दूतावास ने कहा कि “कृतज्ञता से भरे हृदय के साथ, हम कश्मीर के नेक लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं कि उन्होंने अपनी मानवीय सहायता और दिली एकजुटता के माध्यम से ईरान के लोगों का साथ दिया. इस नेकी को कभी भुलाया नहीं जाएगा.”
भावुक हुई महिला, बच्चियों ने दान की गुल्लक
दूतावास ने उस महिला की भी सराहना की, जिसने दिवंगत पति की निशाने के तौर पर संभालकर रखा हुआ सोना भी ईरान के लिए दान में दे दिया. इस दौरान वो भावुक होती भी नजर आईं और आंखों से आंसू झलक गए. वहीं, ईरानी दूतावास ने एक वीडियो के जरिए ये भी दिखाया कि किस तरह छोटी-छोटी बच्चियां मदद के लिए अपनी गुल्लक तक दान कर रही हैं.
इस जंग को शुरू हुए 23 दिन पूरे हो चुके हैं. युद्ध थमने की जगह दिन पर दिन और भीषण होता जा रहा है. एक तरफ अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे. दूसरी ओर ईरान भी झुकने को तैयार नहीं और लगातार अमेरिका और उसके सहयोगियों पर हमले कर रहा है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर तनाव और बढ़ा हुआ है.

