Jaishankar: जयशंकर-रूबियो की मनीला में वार्ता, रक्षा और प. एशिया पर की चर्चा

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

S jaishankar: बुधवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मनीला में मुलाकात की. दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के हालिया घटनाक्रमों पर चर्चा की. इसके साथ ही रक्षा सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की आवश्यकता पर सहमति जताई.

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई बातचीत में लिए गए द्विपक्षीय संकल्पों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की.

जयशंकर-रूबियो के बीच इन मुद्दों पर हुई चर्चा?

बयान में कहा गया, “विदेश मंत्री रूबियो और मंत्री जयशंकर ने पश्चिम एशिया और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के हालिया घटनाक्रमों पर चर्चा की.” दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की. अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा, “विदेश मंत्री और मंत्री जयशंकर ने राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच पिछले वर्ष हुई प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए प्रमुख रक्षा समझौतों को अंतिम रूप देने पर चर्चा की.”

व्यापार भी बैठक का अहम विषय रहा. दोनों नेताओं ने भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के महत्व पर सहमति जताई. बयान में कहा गया, “रूबियो और मंत्री जयशंकर इस बात पर सहमत हुए कि लगभग तैयार हो चुके अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना महत्वपूर्ण है.”

इससे पहले यस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि उन्होंने मनीला में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की. यह बैठक आसियान से संबंधित बैठकों के इतर आयोजित क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई.

जयशंकर ने लिखा, “मनीला में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात कर खुशी हुई. हमारी बैठक में भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की प्राथमिकताओं वाले क्षेत्रों पर चर्चा हुई. इनमें व्यापार और शुल्क, ऊर्जा, रक्षा और सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता शामिल रहे.”

उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय, वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया. यह बैठक ऐसे समय हुई, जब भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के क्वाड समूह के विदेश मंत्री मनीला में आसियान विदेश मंत्रियों की बैठकों के इतर क्षेत्रीय सुरक्षा, समुद्री सहयोग, उभरती प्रौद्योगिकियों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे.

जयशंकर की दो दिवसीय मनीला यात्रा पर

मालूम हो कि जयशंकर दो दिवसीय यात्रा पर मनीला पहुंचे हैं. इस दौरान वह आसियान-भारत विदेश मंत्रियों की बैठक, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) के विदेश मंत्रियों की बैठक और आसियान क्षेत्रीय मंच (एआरएफ) की बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं. विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ के तहत आसियान के साथ लगातार जुड़ाव और आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

Latest News

Jordan Church Attack: अंतिम संस्कार के दौरान चर्च में हमला, 9 लोगों की मौत, दर्जनों घायल, तीन संदिग्ध अरेस्ट

Jordan Church Attack: जॉर्डन में एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर हुए हमले के सिलसिले में सुरक्षा बलों ने सोमवार...

More Articles Like This

Exit mobile version