US News: पीएम मोदी के मुरीद हुए जो बाइडन, यूक्रेन यात्रा को लेकर की तारीफ

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

US News: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने बीते दिन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की. इस दौरान उन्‍होंने यूक्रेन के लिए प्रधानमंत्री मोदी के शांति और मानवीय सहायता के संदेश के लिए उनकी सराहना की. दरअसल, 23 अगस्त को पीएम मोदी ने कीव की यात्रा की थी. इससे पहले, उन्‍होंने रूस का दौरा किया था. पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर अमेरिका और पश्चिमी देश आगबबूला हो गए थे. ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यूक्रेन दौरा अमेरिका को काफी भा रहा है. पीएम मोदी ने अपनी 7 घंटे की यूक्रेन की यात्रा के दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से कहा था कि यूक्रेन और रूस को युद्ध को समाप्त करने के लिए एक साथ बैठना चाहिए. भारत शांति बहाल करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार है.

जो बाइडन ने क्या कहा?

इसे लेकर अमेरिकी राष्‍ट्रपति जो बाइडन ने कहा, मैंने पोलैंड और यूक्रेन की हालिया यात्रा पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी से बात की और यूक्रेन के लिए शांति और मानवीय सहायता के उनके संदेश के लिए उनकी सराहना की. हमने इंडो-पैसिफिक में शांति और समृद्धि में योगदान देने के लिए एक साथ काम करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई. रूस, पोलैंड और यूक्रेन की पीएम मोदी की यात्रा और बांग्लादेश में हाल के घटनाक्रमों के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली बातचीत है.

पीएम मोदी ने क्या कहा?

इससे पहले, पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा- ‘आज फोन पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से बात हुई. हमने यूक्रेन के हालात समेत विभिन्न क्षेत्रीय, वैश्विक मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की. मैंने शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए भारत की ओर से पूर्ण समर्थन की बात दोहराई. हमने बांग्लादेश के हालात पर भी चर्चा की. हमने वहां सामान्य स्थिति की बहाली और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया.

Latest News

ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों और खार्ग द्वीप को तबाह करने की दी धमकी,ईरानी तेल में भी दिखाई दिलचस्पी

Trump iran oil: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को फिर ईरान को बर्बाद करने की धमकी दी....

More Articles Like This

Exit mobile version