Kane Williamson: न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सन्यास लेने की घोषणा की है. विलियमसन के 16 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया है. साथ ही न्यूजीलैंड क्रिकेट में तीनों प्रारूपों में एक युग का अंत हो गया. विलियमसन ने 2025 में ही टी20 प्रारूप से संन्यास ले लिया था. 35 साल के विलियमसन न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने अपने करियर में 378 मैचों में 19346 रन बनाए हैं, जिसमें 48 शतक और छह दोहरे शतक शामिल हैं.
लग रहा था यह सही समय है
विलियमसन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा जारी बयान में कहा कि मैने इस पर काफी सोचा और पिछले कुछ दिन से लग रहा था कि यह सही समय है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए मेरे भीतर हमेशा मजबूत इच्छाशक्ति और ललक रही है. मुझे इस बात में गर्व है कि न्यूजीलैंड के लिए हर मैच में मैने अपना सब कुछ दिया है. इससे कम पर खेलते रहना सही नहीं होगा और मैं खुशकिस्मत हूं कि अपने हिसाब से मैने यह फैसला लिया है.
महानतम खिलाड़ियों में से एक विदा
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि हमारे महानतम खिलाड़ियों में से एक विदा हो रहा है. केन विलियमसन ने त्वरित प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला किया है. 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले केन विलियमसन ने बहुत जल्द ही दुनिया को अपनी तकनीक, धैर्य और क्लास का मुरीद बना दिया था. उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता कम, लेकिन प्रभाव और निरंतरता ज्यादा दिखाई दी. विलियमसन उस दौर में न्यूजीलैंड क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने में सफल हुए जब कीवी टीम की गिनती दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में होती है.
व्यक्तिगत रूप से बहुत विशेष
केन विलियमसन लंबे समय तक न्यूजीलैंड के कप्तान रहे और उनके नेतृत्व में ही न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर पहला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का खिताब जीता था. यह जीत न्यूजीलैंड और विलियमसन के लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत विशेष थी, क्योंकि 2019 में टीम वनडे विश्व कप का खिताब जीतने से चूक गई थी. विलियमसन का मैदान पर व्यवहार भी फैंस का दिल जीतता रहा. यही वजह है कि विरोधी खिलाड़ी भी हमेशा उनका सम्मान करते दिखाई दिए.
चौथे सबसे सफल बल्लेबाज
फॉर्मेट के हिसाब ने विलिमयसन टेस्ट में पहले, टी20 में दूसरे और वनडे में न्यूजीलैंड के चौथे सबसे सफल बल्लेबाज हैं. विलियमसन न्यूजीलैंड के सफलतम कप्तान भी रहे हैं. दाएं हाथ के इस धाकड़ बल्लेबाज ने 40 टेस्ट, 91 वनडे और 75 टी20 में न्यूजीलैंड की कप्तानी की. उनकी कप्तानी में कीवी टीम ने 2019 वनडे विश्व कप का फाइनल खेला था. विलियमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे. कीवी टीम उनकी कप्तानी में 2021 टी20 विश्व कप का फाइनल भी खेली थी.
इसे भी पढ़ें. 15 जुलाई तक लॉन्च होगी IRCTC की नई वेबसाइट, ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले रेल यात्रियों को बड़ी राहत

