अमेरिकी विदेश मंत्री का भारत दौरा, दुनिया की नजरें दिल्ली पर

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो 23 से 26 मई तक चार दिवसीय भारत दौरे पर रहेंगे. विदेश मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा. अमेरिकी विदेश विभाग ने इस यात्रा की पुष्टि की है. इस दौरे का उद्देश्य व्यापार, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देना है.

किन शहरों का दौरा करेंगे मार्को रूबियो?
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट के अनुसार मार्को रूबियो अपने भारत दौरे के दौरान कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली जाएंगे. पिगोट ने बताया कि इस दौरान वे भारतीय नेताओं और अधिकारियों के साथ कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे. बैठक के दौरान विदेश मंत्री ऊर्जा, सुरक्षा, व्यापार और रक्षा सहयोग पर चर्चा करेंगे. रूबियो 22 मई को स्वीडन में उत्तर एटलांटिक संधि संगठन (NATO) के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसके बाद वह भारत की यात्रा पर रवाना होंगे.

व्यापार, रक्षा और ऊर्जा सुरक्षा पर होगी चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है, दोनों देशों के बीच पिछले कुछ समय से रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की कोशिश जारी है. डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण उपजे तनाव के बाद, इस साल की शुरुआत में दोनों देश एक व्यापार समझौते के करीब आए थे. फरवरी में दोनों देशों के बीच टैरिफ हटाने और व्यापार समझौते पर काम करने की सहमति बनी थी. अब इस समझौते को अंतिम रूप देने के लिए एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल के अमेरिका जाने पर भी चर्चा चल रही है।

रूबियो QUAD बैठक में भी हो सकते हैं शामिल
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार अगले हफ्ते नई दिल्ली में भारत क्वाड (QUAD) विदेश मंत्रियों के सम्मेलन की मेजबानी करेगा, विदेश मंत्रियों की इस बैठक में मार्को रूबियो भी शामिल हो सकते हैं, QUAD समूह में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं. इस बैठक में पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) संकट के प्रभावों सहित वैश्विक चिंताओं की समीक्षा किए जाने की संभावना है, इसमें जापान के विदेश मंत्री मोतेगी तोशिमित्सु और ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग शामिल होंगे.

भारत-अमेरिका संबंधों के लिए अहम माना जा रहा दौरा
विशेषज्ञों के मुताबिक यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग, व्यापार समझौते और रणनीतिक साझेदारी को लेकर बातचीत तेज़ हुई है. माना जा रहा है कि इस यात्रा से दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूती मिल सकती है.

Latest News

Aaj Ka Rashifal: धनतेरस पर इन राशियों पर बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा, पढ़ें अपना राशिफल

Aaj Ka Rashifal, 06 November 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में कुल 12 राशियों का वर्णन हैं. हर राशि का अपना...

More Articles Like This

Exit mobile version