New Delhi: दिल्ली नगर निगम (MCD) दुनिया के उन शहरों से सीख लेने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने कचरा प्रबंधन की समस्या पर काफी हद तक काबू पा लिया है. कूड़े के पहाड़ की समस्या से निपटने के लिए हाल ही में दिल्ली नगर निगम ने विश्व बैंक के एक्सपर्ट के साथ बैठक की. इस बैठक में टोक्यो, न्यूयॉर्क और बार्सिलोना जैसे बड़े शहरों में कचरा निस्तारण के मॉडल पर चर्चा हुई. मीटिंग में यह समझने की कोशिश की गई कि कौन सी अच्छी व्यवस्थाएं दिल्ली में अपनाई जा सकती हैं.
टोक्यो में 23 वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट
विश्व बैंक के विशेषज्ञों ने बताया कि जापान की राजधानी टोक्यो में 23 वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट हैं. न्यूयॉर्क में वेस्ट मैनेजमेंट का काम निजी एजेंसियां करती हैं और स्पेन के बार्सिलोना शहर ने अपनी जीरो वेस्ट योजना के तहत अलग-अलग डिसेंट्रलाइज्ड व्यवस्था अपनाई है, जिसमें सभी की अपनी-अपनी जिम्मेदारी है. माना जा रहा है कि कूड़े के पहाड़ हटाने के लिए दिल्ली नगर निगम इन्हीं में से किसी मॉडल को अपना सकता है.
संभावित समाधान भी खोजे
नगर निगम दिल्ली और विश्व बैंक की इस बैठक में सिर्फ इन तीन मॉडल पर चर्चा नहीं हुई, बल्कि संभावित समाधान भी खोजे गए. इसके डिसेंट्रलाइज व्यवस्था पर बातचीत की गई. यानी किसी एक जगह कचरा निस्तारण की व्यवस्था करने की बजाय हर वार्ड में ऐसा किया जाए. इसके अलावा कंपोस्टिंग, रीसाइक्लिंग, बायोमाइनिंग और वेस्ट टू एनर्जी जैसे विभिन्न विकल्प पर बात हुई.
डिजिटल निगरानी को दुरुस्त करने पर भी सहमति
नगर निगम की क्षमता बढ़ाने और डिजिटल निगरानी को दुरुस्त करने पर भी सहमति बनी. बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई कि कैसे कूड़ा बीनने को वालों को इस व्यवस्था का हिस्सा बनाया जा सकता है. बैठक में एमसीडी अधिकारियों ने मिश्रित कचरे को सबसे बड़ी समस्या बताई. एमसीडी अधिकारियों के अनुसार मिश्रित कचरा को अलग करने पर समय और संसाधन दोनों की बर्बादी होती है.
शहर में स्मार्ट बिन सेंसर
सबसे खास बात ये है कि शहर में जो स्मार्ट बिन लगे हैं उनमें सेंसर है. ये बताता है कि डस्टबिन कितना भर चुका है. जब जरूरत होती है तभी कचरा वाहन भेज दिया जाता है. इसके अलावा आम लेागों की हिस्सेदारी भी इस मॉडल की ताकत है. स्कूलों, कॉलोनियों और सामुदायिक संगठनों के जरिए लगातार जागरुकता अभियान चलाए जाते हैं.
इसे भी पढ़ें. PM मोदी को मिला उज़्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, द्विपक्षीय बैठक में कई अहम समझौते

