मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास पर भावुक हुए मोर्ने मोर्केल, बोले- ‘तेज गेंदबाज का अलविदा कहना एक दुखद दिन’

Wellington: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. शमी ने शुक्रवार देर रात टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कहा. शमी के संन्यास पर भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल का कहना है कि उन्हें जाते हुए देखना दुखद है. न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में दूसरे वनडे से पहले मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास पर मोर्केल ने कहा कि मैं पहली बार जब ग्रुप से जुड़ा, उस समय शमी टीम का हिस्सा थे. इसलिए मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं.

उन्हें जाते देखना एक दुखद दिन

आपको पता है कि वह एक स्किलफुल खिलाड़ी हैं और काफी क्षमतावान हैं. मुझे यहां शुरुआती समय में उनसे काफी मदद मिली. मोर्केल ने कहा कि उन्हें जाते देखना एक दुखद दिन है. लेकिन हां, वह अभी भी घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं और खूब गेंदबाजी कर रहे हैं. यह देखना बहुत अच्छा है. शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि मैं सफेद जर्सी तो छोड़ रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी.

तब मेरा बस एक ही सपना था

जब मैंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब मेरा बस एक ही सपना था, अपने देश के लिए कुछ कर दिखाना, तब से लेकर अब तक, हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया है. उन्होंने कहा कि मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं रहा, बल्कि यह मेरी जिंदगी का एक बेहद खास हिस्सा रहा है. आज, भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ, मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर रहा हूं.

करोड़ों भारतीयों का दिल से शुक्रिया

शमी ने बीसीसीआई, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब), अपने सभी साथियों, कोच, परिवार के सदस्यों और उन करोड़ों भारतीयों का दिल से शुक्रिया किया, जो टेस्ट क्रिकेट के उनके सफर में साथ रहे. शमी आखिरी बार जून 2023 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के लिए व्हाइट जर्सी में दिखे थे. दाएं हाथ के 36 साल के इस तेज गेंदबाज ने अपने टेस्ट करियर के 64 मैचों में 229 विकेट लिए.

इसे भी पढ़ें. राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस में भारतीय प्रवासियों संग मनाई दिवाली, जाने ट्रंप को तोहफे में क्या मिला

Latest News

कुशीनगर में हादसा: ट्रक से टकराई बस, बच्ची सहित दो यात्रियों की मौत, दस घायल

Kushinagar Accident: यूपी के कुशीनगर में आज सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. एक लग्जरी बस और ट्रक की...

More Articles Like This

Exit mobile version