Nepali Gen Z thank India: कहते हैं मुसीबत के समय जो सबसे पहले काम आता है, वहीं सच्चा साथी होता है. ऐसे ही नेपाल में आई भयानक तबाही के बाद भारत ने जिस फुर्ती से मदद का हाथ बढ़ाया, उसने नेपाल के हर नागरिक का दिल जीत लिया है. ऐसे में राहत सामग्री लेकर पहुंचे भारतीय वायुसेना के C-130J सुपर हरक्यूलिस विमान के वीडियोज लोग गर्व से शेयर कर रहे हैं. सोशल मीडिया से लेकर काठमांडू की गलियों तक हर तरफ भारत का आभार जताया जा रहा है. इस दौरान नेपाल के जेन-Z बस एक ही मैसेज दे रहे हैं, ‘बड़े भाई भारत, आपकी ये मदद नेपाल हमेशा याद रखेगा’.
दरअसल, नेपाल में आई भीषण बाढ़, भूस्खलन और तबाह हुए इंफ्रास्ट्रक्चर के बीच जब काठमांडू सरकार असहाय महसूस कर रही थी, तभी भारत ने बिना एक पल गंवाए ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति के तहत राहत और बचाव का सबसे बड़ा ऑपरेशन शुरू किया. इश दौरान, भारतीय NDRF की टीमें, टनल रेस्क्यू एक्सपर्ट्स, मेडिकल सप्लाई और बेली ब्रिज जब नेपाल पहुंचे.
संकट के समय नेपाल को भारत ने तुरंत भेजी मदद
बता दें कि शुरुआत में नेपाल सरकार ने बिना जमीनी हालात का सही अंदाजा लगाए किसी भी विदेशी मदद से इंकार कर दिया था, लेकिन जब बाढ़ और भूस्खलन ने भयानक रूप अख्तियार कर लिया, सड़कें पूरी तरह टूट गईं, सुरंगों में सैकड़ों लोग फंस गए और फॉरेंसिक जांच की भारी कमी महसूस होने लगी, तब काठमांडू सरकार ने यू-टर्न लेते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय, खासकर भारत से आपातकालीन मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद भारत सरकार ने बिला किसी देरी के तुरंत अपने राहत विमान, स्पेशल टनल रेस्क्यू डॉक्टर्स, दवाएं और अस्थायी बेली ब्रिज नेपाल रवाना कर दिए.
इस बीच नेपाल के आम नागरिकों का कहना है कि जब सरकारें कागजी प्रक्रियाओं में उलझी थीं, तब भारत को लोगों की चिंता थी. यही वजह है कि नेपाल के गांव-गांव और शहरों में भारत के प्रति आभार की लहर है. भारत ने जिस C-130J सुपर हरक्यूलिस विमान से नेपाल को 47.5 टन राहत सामग्री भेजी है, लोग उस उड़ते हुए विमान को देखकर सलाम कर रहे हैं और सोशल मीडिया के जरिए भारत को शुक्रिया कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर नेपाल से दुआओं की बौछार: ‘थैंक यू इंडिया’
नेपाली लोगों ने भारत की इस तुरंत मदद का जवाब बेहद भावुक अंदाज में दिया है. फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम पर नेपाली यूजर्स की ओर से भारत के समर्थन में हजारों पोस्ट किए जा रहे हैं. काठमांडू के एक स्थानीय नागरिक ने लिखा कि ‘नेपाल और भारत का रिश्ता सिर्फ नक्शे पर बनी सीमाओं का नहीं है, ये दिल और रोटी-बेटी का नाता है. जब भी नेपाल पर कोई मुसीबत आई है, भारत सबसे पहले हमारे साथ खड़ा मिला है. शुक्रिया बड़े भाई’! वहीं, वीडियो में एक शख्स ने भारत तो दुआएं देते हुए ये भी कहा है कि ‘हम चाहते हैं कि भारत दुनिया की बेस्ट इकोनॉमी बने’.