Washington: ट्रंप के एक नए हालिया बयान से अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा तनाव अब थमता हुआ नजर आने लगा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत में लगभग उन सभी बातों पर सहमत हो गया है जिनकी हमें ज़रूरत है. साथ ही उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि तेहरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल करने की इजाज़त नहीं दी जाएगी.
तेहरान में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं
एक इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति से पूछा गया कि क्या वह तेहरान में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, तो ट्रंप ने कहा कि यह उनका मकसद नहीं है. ट्रंप ने कहा कि मैं सत्ता परिवर्तन नहीं चाहता. मैं बहुत सीधी-सी बात चाहता हूं. उनके पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते. ट्रंप ने कहा कि जब से वह सत्ता में लौटे हैं, अमेरिकी सैन्य अभियानों ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को काफी कमज़ोर कर दिया है.
परमाणु हासिल करने से रोकने पर ध्यान केंद्रित
उनका प्रशासन ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने पर ध्यान केंद्रित किए हुए है और भरोसा जताया कि चल रही बातचीत वॉशिंगटन के पक्ष में आगे बढ़ रही है. ट्रंप ने कहा कि हम बातचीत कर रहे हैं और देखेंगे कि क्या होता है. मुझे लगता है कि वे लगभग उन सभी बातों पर सहमत हो गए हैं जिनकी हमें ज़रूरत है. उन्होंने अमेरिकी मकसद को पारंपरिक सैन्य अभियान के बजाय ईरान को परमाणु हथियारों से मुक्त करना बताया. ट्रंप ने कहा कि यह ईरान को परमाणु हथियारों से मुक्त करने के बारे में है. आप उन्हें परमाणु हथियार नहीं रखने दे सकते.
उनके पास कुछ मिसाइलें बची हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मैंने उन्हें सैन्य रूप से हराया है. वे सैन्य रूप से पूरी तरह हार चुके हैं. उनके पास कुछ मिसाइलें बची हैं, हम उन्हें भी खत्म कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि ईरान की हरकतों के जवाब में अमेरिका ने कई बार हमले किए हैं. मैंने पिछले हफ़्ते उन पर तीन बार ज़ोरदार हमले किए, क्योंकि उन्होंने एक जहाज़ पर ड्रोन भेजा था. मैंने उन पर हमला किया. फिर उन्होंने कुछ और किया और मैंने उन पर हमला किया.
दो रातों तक उन पर ज़ोरदार हमले किए
मैंने लगातार तीन रातों तक उन पर हमले किए, उससे पहले वाले हफ़्ते में मैंने लगातार दो रातों तक उन पर ज़ोरदार हमले किए. ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ने तेहरान पर दबाव बढ़ाने के लिए नौसैनिक नाकेबंदी (नेवल ब्लॉकेड) लागू की है.
इसे भी पढ़ें. बम-बम भोले के जयघोष से हुई अमरनाथ यात्रा की शुरुआत, PM Modi ने लिखा श्रद्धालुओं को पत्र

