होर्मुज में तेल टैंकर पर हमला, 21 भारतीय नाविक थे सवार, मंत्री सर्बानंद बोले- सभी क्रू सदस्य सुरक्षित

New Delhi: कुवैत के झंडे वाले तेल टैंकर ‘M/T अल दसमा’ (M/T Al Dasma) पर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय किसी अज्ञात वस्तु से हमला हुआ. जिसमें 21 भारतीय नाविक सवार थे. केंद्रीय बंदरगाह जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि जहाज के सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं. यह घटना बुधवार 21 अक्टूबर को हुई. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं.

हमारे सभी 21 भारतीय क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित

सोनोवाल ने ‘X’ (ट्विटर) पर जानकारी देते हुए कहा कि हमारे सभी 21 भारतीय क्रू सदस्य और बाकी क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं. हम लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं और अपने नाविकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ लगातार संपर्क में हैं. यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने भी ओमान के बुखा से 11 नॉटिकल मील पश्चिम में इस हमले को ट्रैक किया.

टैंकर अपनी जगह पर ही रुका रहा

इस घटना के कारण जहाज पर आग लग गई थी, जिसे बाद में बुझा दिया गया. टैंकर अपनी जगह पर ही रुका रहा और सभी क्रू सदस्य सुरक्षित बताए गए. यह हमला खाड़ी क्षेत्र में कमर्शियल शिपिंग (व्यावसायिक जहाजरानी) से जुड़ी हालिया घटनाओं के बीच हुआ है. इससे पहले 16 अक्टूबर को कच्चे तेल के टैंकर ‘MT ST 3’ पर, जिसमें 15 भारतीय नाविक सवार थे, होर्मुज जलडमरूमध्य में किसी वस्तु से हमला हुआ था.

किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं

सोनोवाल ने बताया था कि सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित थे और किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं थी. मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष के बीच भारत ने समुद्री आवाजाही और कमर्शियल शिपिंग पर होने वाले हमलों की बार-बार निंदा की है. भारत ने कई मौकों पर दोहराया है कि कमर्शियल शिपिंग और नाविकों पर होने वाले सभी हमले कानूनी और नैतिक रूप से अनुचित हैं. साथ ही भारत ने समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के जरिए समुद्री व्यापार के सुरक्षित और निर्बाध प्रवाह की आवश्यकता पर भी जोर दिया है.

इसे भी पढ़ें. शिवा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे को 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड, नागपुर से लखनऊ ला रही पुलिस

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version