New Delhi: भारत के प्रमुख एथलीट व रियो ओलम्पिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके लॉन्ग जंपर अंकित शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के सहारे सरकारी नौकरी हासिल करने का मामला दर्ज किया गया है. मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के कोतवाली थाने में यह केस दर्ज हुआ है. टीआई अमित भदौरिया के अनुसार, अंकित शर्मा के ससुर डॉ. राजकुमार तिवारी ने कोतवाली थाने में दस्तावेज प्रस्तुत कर यह शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल मुरैना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.
जन्मतिथि को 5 साल कम करके दर्शाया
उनका आरोप है कि आपराधिक साजिश के तहत मध्य प्रदेश के मुरैना में अंकित की जन्मतिथि को 5 साल कम करके 20 जुलाई 1992 दर्शाया गया, जबकि उनकी वास्तविक जन्मतिथि 1 अगस्त 1987 है. आरोप के मुताबिक, अंकित ने उत्तर प्रदेश के पिनाहट (आगरा) के शैक्षणिक संस्थानों से प्राथमिक से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई वास्तविक जन्मतिथि के आधार पर पूरी की थी.
फर्जी दस्तावेजों के सहारे सीधे 8वीं में प्रवेश
इसके बाद बिना 7वीं पास किए फर्जी दस्तावेजों के सहारे शासकीय ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (गणेशपुरा, मुरैना) में सीधे 8वीं में प्रवेश लिया और बाद में केस विद्यालय मुरैना व भोपाल के एक स्कूल से 10वीं व 12वीं दोबारा पास की. पुलिस को सौंपी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फर्जी जन्मतिथि और अंकसूचियों का इस्तेमाल करके अंकित ने खेल प्रतियोगिताओं में उम्र का अनुचित लाभ लिया और आगे चलकर खेल कोटे से आयकर विभाग में इन्स्पेक्टर का पद हासिल किया.
आरटीआई से प्राप्त सौंपे दस्तावेज
शिकायतकर्ता ने पुलिस को सबूत के तौर पर स्कूल रजिस्टर की प्रतियां, टीसी, अंकसूचियां और आरटीआई से प्राप्त दस्तावेज सौंपे हैं. दूसरी तरफ, अंकित शर्मा के बड़े भाई राजा शर्मा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पारिवारिक विवाद का नतीजा बताया है. राजा शर्मा का कहना है कि अंकित का अपनी पत्नी से तलाक का केस चल रहा है, इसलिए ससुराल पक्ष उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने के लिए यह सब साजिश रच रहा है.
इससे पहले ग्वालियर में भी ऐसी शिकायत
उन्होंने दावा किया कि वे जुलाई में ही एसपी मुरैना के समक्ष उपस्थित होकर सारे वैध दस्तावेज सौंप चुके हैं और इससे पहले ग्वालियर में भी ऐसी शिकायत की गई थी, जहां पुलिस को संतुष्ट कर दिया गया था. अंकित शर्मा भारत के शीर्ष लॉन्ग जंप एथलीटों में गिने जाते हैं. उन्होंने जून 2016 में कजाकिस्तान में आयोजित जी. कोसानोव मेमोरियल मीट में 8.19 मीटर की शानदार छलांग लगाकर तत्कालीन राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था.
रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई
इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने 2016 के रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया था. इसके अलावा 2016 के दक्षिण एशियाई खेलों (साउथ एशियन गेम्स) में उन्होंने 7.89 मीटर कूद के साथ नया गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया था.
इसे भी पढ़ें. Russia-Ukraine War: रूस ने कीव पर किया एक और बड़ा हमला, मिसाइल हमले में 6 की मौत, 30 से ज्यादा लोग घायल