PAK vs ENG: तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका, कप्तान बाबर आजम के खेलने पर सस्पेंस

Islamabad: पाकिस्तान क्रिकेट टीम को लगातार झटके लग रहे हैं. इसी बीच खराब फॉर्म, टीम में उथल-पुथल और अब बीमारी ने इंग्‍लैंड दौरे पर पाकिस्‍तान टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. 3 मैचों की सीरीज के पहले 2 टेस्‍ट हार चुकी पाकिस्‍तान टीम पर क्‍लीन स्‍वीप का खतरा मंडरा रहा है. जियो सुपर की रिपोर्ट के मुताबिक, कप्‍तान बाबर आजम का इंग्लैंड दौरा एक और चिंताजनक मोड़ पर पहुंच गया है.

तेज बुखार से जूझ रहे कप्तान 

पाकिस्तान के कप्तान एजबेस्टन में होने वाले निर्णायक तीसरे टेस्ट से पहले तेज बुखार से जूझ रहे हैं. बाबर के लिए टीम में वापसी मुश्किल भरी रही है. लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में वे आठ और छह रन ही बना पाए और पाकिस्तान को 194 रनों से हार का सामना करना पड़ा. यह बीमारी पाकिस्तान क्रिकेट के लिए एक बहुत ही मुश्किल समय में आई है. लगातार दूसरी बड़ी हार के बाद PCB ने हेड कोच सरफराज अहमद को हटा दिया और सात खिलाड़ियों को घर वापस भेज दिया. आखिरी टेस्ट के लिए टीम की देखरेख के लिए माइक हेसन को लाया गया.

बाबर ने बुखार के बारे में बताया

पाकिस्तान टीम के मीडिया मैनेजर नवीद अकरम चीमा के मुताबिक बाबर ने उन्हें बुखार के बारे में बताया. हालांकि चीमा ने कप्तान की सेहत को लेकर चिंता कम करने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है और उम्मीद है कि बाबर जल्द ही ठीक हो जाएंगे. उंगली में चोट के कारण बाबर हेडिंग्ले में पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे. लॉर्ड्स में उन्होंने वापसी की. दो पारियों में उनके 14 रन बनाने से उनकी फॉर्म पर सवाल और बढ़ गए हैं, खासकर इसलिए क्योंकि दिसंबर 2022 से उन्होंने कोई टेस्ट शतक नहीं लगाया है.

103 रनों से हार का सामना

इंग्लैंड में पाकिस्तान का अभियान तेजी से लड़खड़ा गया है. हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्‍ट में उन्हें पारी और 103 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद लॉर्ड्स में इंग्लैंड ने 194 रनों से जीत हासिल कर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली. शुरुआती दो टेस्ट मैचों की किसी भी पारी में पाकिस्तान 200 से ज्‍यादा रन नहीं बना पाया है. अब पाकिस्तान बर्मिंघम जा रहा है, जहां उसे सीरीज में 0-3 से क्लीन स्वीप होने से बचना होगा.

कप्तान के तौर पर फार्म की उम्मीद

बाबर के लिए दो मुख्य काम होंगे. पहला बुखार से उबरना और दूसरा अपने मुख्य बल्लेबाज और कप्तान के तौर पर उनसे जैसी फार्म की उम्मीद की जाती है, उसे फिर से हासिल करना. एजबेस्टन टेस्ट 9 सितंबर से शुरू हो रहा है.

इसे भी पढ़ें. नेपाल में मौत की बाढ़! 1127 हुई मृतकों की संख्या, 4858 लोग अभी भी लापता, तलाश जारी

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version