Pakistan Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन नोरीन नियाजी की जेल में ही तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद आनन फानन में उन्हें लाहौर की कोट लखपत जेल से पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी अस्पताल ले जाया गया. इसकी जानकारी बुधवार को उनके वकील राणा मुदस्सर उमर ने दी. उन्होंने बताया कि नोरीन को दिल से जुड़ी परेशानी हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.
बता दें कि नोरीन अपनी बहन उज्मा खान के साथ 21 सितंबर से जेल में बंद हैं. दोनों को इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर होने वाले विरोध प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिया गया था.नोरीन नियाजी के वकील राणा मुदस्सर उमर के मुताबिक, कोट लखपत जेल में बंद रहने के दौरान नोरीन को दिल में परेशानी महसूस हुई. इसके बाद उन्हें पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी ले जाया गया. वकील ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर उनकी शुरुआती मेडिकल जांच कर रहे हैं. फिलहाल उनकी सेहत को लेकर ज्यादा कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
21 सितंबर से जेल में बंद हैं इमरान की बहनें
रिपोर्ट के अनुसार, नोरीन नियाजी और उज्मा खान को 21 सितंबर को लाहौर में हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद दोनों को कोट लखपत जेल भेज दिया गया. उन्हें सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े कानून यानी MPO, 1960 की धारा 3 के तहत हिरासत में रखा गया है. इन दोनों से एक दिन पहले उनकी बहन अलीमा खान को भी लाहौर में इसी कानून के तहत हिरासत में लिया गया था.
तीनों बहनों की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई थी, जब इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) देशभर में विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रही थी. पार्टी ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी. प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य इमरान खान की रिहाई था.