Islamabad: पाकिस्तान सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को देखते हुए सरकार ने पेट्रोल और डीजल दोनों पर 55 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है. नई कीमतें आधी रात से लागू कर दी गई हैं. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब मध्य-पूर्व में संकट तेजी से बढ़ रहा है.
पेट्रोल 321.17 रुपये प्रति लीटर
यह घोषणा पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में की. उनके साथ उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार तथा वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब भी मौजूद थे. नई बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल 55 रुपये बढ़कर 321.17 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल 55 रुपये बढ़कर 335.86 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. सरकार ने कहा कि यह नई दरें मध्यरात्रि से पूरे देश में लागू हो गई हैं.
पूरे क्षेत्र में फैलने लगा है संघर्ष
इससे पहले 28 फरवरी को भी पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की थी. पेट्रोल 8 रुपये बढ़कर 266.17 रुपये प्रति लीटर हुआ था जबकि डीजल 5.16 रुपये बढ़कर 280.86 रुपये प्रति लीटर हो गया था. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इशाक डार ने कहा कि ईरान-अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहा संघर्ष अब पूरे क्षेत्र में फैलने लगा है. इस युद्ध का असर वैश्विक तेल बाजार पर भी पड़ रहा है.
कई उत्पादों की कीमतों में 70 प्रतिशत तक वृद्धि
उन्होंने कहा कि इस स्थिति में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं और कई उत्पादों की कीमतों में 50 से 70 प्रतिशत तक वृद्धि देखी जा रही है. डार ने बताया कि दुनिया के कई देशों में अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे घरेलू बाजार पर पड़ रहा है और पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्वचालित रूप से बढ़ रही हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निर्देश पर इस मुद्दे पर काफी सावधानी से फैसला लिया गया.
लगातार बैठकों में स्थिति की समीक्षा
पिछले दो से तीन हफ्तों से लगातार बैठकों में स्थिति की समीक्षा की जा रही थी. सरकार ने बताया कि पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक और वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब की अगुवाई में एक स्थायी समिति बनाई गई थी, जो लगातार अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों और देश की आर्थिक स्थिति की समीक्षा कर रही थी.
इसे भी पढ़ें. Gurmeet Ram Rahim: राम रहीम को बड़ी राहत, पत्रकार हत्याकांड में हाईकोर्ट ने किया बरी

