360 रुपये डीजल, 315 रुपये पेट्रोल… पाकिस्तान में बेकाबू ईंधन की कीमतों ने तोड़ी जनता की कमर

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Pakistan oil price Hike: आज एक बार फिर से पाकिस्तान में जब डीजल और पेट्रोल की नई कीमतों का ऐलान हुआ तो लोगों की आखों से आंसू छलक पड़े. पाकिस्तानी सरकार ने हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में 5.71 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जबकि पेट्रोल की कीमत में 35 पैसे प्रति लीटर की मामूली कटौती की गई है. नई कीमतों के जारी होने के बाद पाकिस्तान में हाई-स्पीड डीजल 360.06 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल 315.80 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गया है.
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव को देखते हुए सरकार ने अब ईंधन की कीमतें रोजाना तय करने का फैसला किया है. पहले इनकी समीक्षा तय एक निश्चित अवधि पर होती थी, लेकिन अब कीमतों में होने वाले बदलाव का असर सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाएगा. सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले 7 दिनों के औसत तेल मूल्य के आधार पर रोजाना नई कीमतें तय की जाएंगी. ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी हर दिन अपनी वेबसाइट पर पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें जारी करेगी.

पेट्रोल की कीमत बढ़ते ही बढ़ा किराया

इस फैसले का असर आम लोगों पर भी दिखाई देने लगा है. पिछले सप्ताह सरकार ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद रावलपिंडी और इस्लामाबाद में सार्वजनिक परिवहन का किराया तुरंत बढ़ा दिया गया. बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों के किराए में 15 से 17 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई, जबकि माल ढुलाई का किराया 20 प्रतिशत तक बढ़ गया. कार्यालयों और स्कूल-कॉलेजों के कर्मचारियों तथा छात्रों के लिए चलने वाली पिक एंड ड्रॉप सेवाओं ने भी साफ कर दिया है कि अब उनके शुल्क भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों के अनुसार बदलेंगे. वहीं, रावलपिंडी और इस्लामाबाद में सार्वजनिक परिवहन का न्यूनतम किराया 60 पाकिस्तानी रुपये कर दिया गया है.

रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी असर 

रिपोर्ट के मुताबिक, कराची से पेशावर के बीच कंटेनर और ट्रेलर से माल ढुलाई का किराया बढ़कर 8 लाख पाकिस्तानी रुपये तक पहुंच गया है. परिवहन संगठनों का कहना है कि अब जब भी सरकार ईंधन की कीमतों में बदलाव करेगी, उसी के अनुसार बसों और माल ढुलाई का किराया भी संशोधित किया जाएगा. लगातार बदलती ईंधन कीमतों का असर आम लोगों के यात्रा खर्च और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है. पहले से ही पाकिस्तान में आटा-दाल-सब्जी की कीमत इतनी है कि लोगों का खाना भी मुश्किल हो रहा है. एक लीटर दूध जहां 300-400 रुपये तक बिक रहा है, वहीं टमाटर-प्याज की कीमत आराम से 200-300 रुपये होती है.
Latest News

Punjab Power Crisis: कोयले की कमी से नहीं घटा बिजली उत्पादन, कोयला मंत्रालय ने बताई असली वजह

कोयला मंत्रालय ने पंजाब में बिजली उत्पादन घटने के पीछे कोयले की कमी को जिम्मेदार ठहराने वाली खबरों को खारिज किया है. मंत्रालय के अनुसार, बिजलीघरों का कम उपयोग, तकनीकी खराबियां और उपलब्ध कोयले का समय पर उठान न होना प्रमुख वजहें हैं.

More Articles Like This

Exit mobile version