New Delhi: भारत को आतंक के खिलाफ अपनी लड़ाई में एक बड़ी राहत मिली है. देश के सबसे वांछित आतंकियों में शामिल मोहम्मद कासिम गुज्जर उर्फ सलमान उर्फ सुलेमान की पाकिस्तान में गोली मारकर हत्या कर दी गई है. शुक्रवार शाम पेशावर में अज्ञात बंदूकधारियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. करीब दो साल पहले भारत के गृह मंत्रालय ने उसे व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया था.
बाइक सवार ने गुज्जर को बनाया निशाना
भारत के पूर्व RAW एजेंट और NSG लक्ष्मण उर्फ़ लकी बिष्ट ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर घटना का वीडियो शेयर किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि बाइक सवार ने किस तरह सरेआम सड़क पर गुज्जर को निशाना बनाया. मोहम्मद कासिम गुज्जर का नाम लंबे समय से भारत की सुरक्षा एजेंसियों की हिट लिस्ट में था.
भारत में कई आतंकी साजिशों का रहा हिस्सा
वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था. भारत में कई आतंकी साजिशों का हिस्सा रहा था. हालांकि अब तक पाकिस्तान की पुलिस, सेना या खुफिया एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. न हमले की पुष्टि, न जांच की जानकारी पूरी व्यवस्था की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है.
पाकिस्तान के लिए बोझ
इधर, भारत सरकार की ओर से इस घटना पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पाकिस्तान लंबे समय तक जिन आतंकियों को संरक्षण देता रहा, वही अब उसके लिए बोझ बनते जा रहे हैं.
अंतरराष्ट्रीय दबाव का नतीजा
विश्लेषकों का मानना है कि यह हत्या पाकिस्तान में सक्रिय आतंकियों के बीच आपसी संघर्ष, अंदरूनी सफाया या अंतरराष्ट्रीय दबाव का नतीजा भी हो सकती है. इससे पहले भी कई भारत-विरोधी आतंकवादी पाकिस्तान की सरजमीं पर संदिग्ध हालात में मारे जा चुके हैं, जिन पर कभी स्पष्ट जांच सामने नहीं आई.
इसे भी पढ़ें. ‘ISIS को दोबारा सक्रिय होने से रोकना हमारी प्राथमिकता’, सीरिया में स्ट्राइक पर US ने दी चेतावनी

