Jammu And Kashmir: जम्मू में एक बार फिर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया गया है. डोडा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ. इस वीडियो में नेपाली पुल इलाके के पास बन रही एक सड़क की रेलिंग पर “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लिखे पोस्टर चिपके हुए दिखाई दिए. इन पोस्टरों पर कथित तौर पर शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर की तस्वीरें साथ ही पाकिस्तान का राष्ट्रीय ध्वज भी बना हुआ था.
BNS की धारा 353(1) के तहत FIR दर्ज
इस वीडियो के सामने आने के बाद डोडा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. रिपोर्टों के अनुसार ये पोस्टर जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर नेपाली इलाके में मिले हैं. डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (मुख्यालय) कृष्ण रतन ने बताया कि इस घटना के संबंध में डोडा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1) के तहत FIR संख्या 95/2026 दर्ज की गई है.
शरारती तत्वों की पहचान के प्रयास जारी
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर चल रहे वायरल वीडियो के स्रोत और उसकी सच्चाई की भी जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल शरारती तत्वों की पहचान करने और उन परिस्थितियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं, जिनके तहत ये पोस्टर लगाए गए थे. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं. जिले में शांति तथा सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
आपत्तिजनक नारे लिखे मिलने से हड़कंप
नवंबर 2025 में महानगरी एक्सप्रेस ट्रेन (गाड़ी संख्या 22177/22178) के जनरल कोच के टॉयलेट में “पाकिस्तान जिंदाबाद” और “ISI” जैसे आपत्तिजनक नारे लिखे मिलने से हड़कंप मच गया था. यह घटना दिल्ली/जबलपुर के पास होने की सूचना के बाद आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और डॉग स्क्वाड ने ट्रेन की गहन तलाशी ली थी. नवंबर में गोवा की दुकानों के LED बोर्ड पर भी ऐसे नारे फ्लैश होने की घटना सामने आई थी.
इसे भी पढ़ें. PM Modi Varanasi Visit: वाराणसी पहुंचे PM मोदी, CM योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पलेट ने किया स्वागत

