Kabul: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत खोस्त और पक्तिका में एयरस्ट्राइक की. हमलों में 19 लोगों की मौत हो गई है जबकि 26 घायल हैं, जिनका अस्पतालों में इलाज जारी है. मरने वालों में ज्यादातर औरतें और बच्चे शामिल हैं. यह जानकारी अफगानिस्तान सरकार के उपप्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने दी.
‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ कार्रवाई
पाकिस्तानी मीडिया डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को पाकिस्तान ने कई सीमा क्षेत्रों में अफगान सेना की जवाबी कार्रवाई के खिलाफ ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ शुरू किया. पाकिस्तान एयर फोर्स (पीएएफ) ने काबुल, कंधार और पक्तिया में मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए.
इलाके को अस्थिर करने का मिशन
दूसरी ओर तालिबान के प्रवक्ता बीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया है कि काबुल और इस्लामाबाद के बीच तनाव बढ़ने के बाद पाकिस्तान में एक खास समूह ने इलाके को अस्थिर करने का मिशन शुरू किया है. अफगानिस्तान के एरियाना न्यूज के अनुसार शुक्रवार को कंधार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए तालिबानी प्रवक्ता मुजाहिद ने इलाके के देशों से उपद्रवी पैदा करने वालों को रोकने की अपील की.
PAK के सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना
उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान की सेना ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को ठीक निशाना बनाया था. जब तालिबान से पूछा गया कि क्या इलाके के देश लड़ाई रोकने की मांग कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान मसलों का शांति से हल चाहता है और पाकिस्तान के साथ कई राउंड की बातचीत कर चुका है. हालांकि इस्लामाबाद बातचीत के जरिए मसलों को हल करने के लिए तैयार नहीं था.
काबुल, कंधार और पक्तिया प्रांतों में एयरस्ट्राइक
मुजाहिद ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान लगातार जंग के बहाने बनाने की कोशिश करता है और अपने अंदरूनी मसलों को अफगानिस्तान से जोड़ता है. उनके मुताबिक, पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट अभी भी अफगानिस्तान के एयरस्पेस में उड़ रहे थे. पाकिस्तान ने गुरुवार रात अफगानिस्तान के काबुल, कंधार और पक्तिया प्रांतों में एयरस्ट्राइक की.
कंधार के कई इलाकों में बमबारी
इसे लेकर मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल, पक्तिया और कंधार के कई इलाकों में बमबारी की. लड़ाई के दौरान 13 अफगान सैनिक मारे गए और 22 अन्य घायल हो गए. तालिबान के उपप्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने कहा कि इससे पहले दिन में अफगान एयर फोर्स ने इस्लामाबाद, नौशेरा, जमरूद और एबटाबाद में पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की.
इसे भी पढ़ें. Israel Attacks Iran: इस्राइल का ईरान पर हमला, तेहरान सहित कई जगहों पर दागे रॉकेट, आपातकाल घोषित

